Last Updated: Sunday, July 1, 2012, 12:53
गुवाहाटी/नई दिल्ली : पूर्वोत्तर राज्यों में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए लेकिन जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नगालैंड और त्रिपुरा में भूकंप के झटके महसूस होने पर लोग अपने घरों से बाहर आ गए।
असम के कई हिस्सों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। उसका केंद्र उपरी असम में मजूली द्वीप में था। राज्य के निचले हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। अरुणाचल प्रदेश में आज तड़के रिक्टर पैमाने पर 4.8 तीव्रता वाला भूकंप आया। नई दिल्ली में मौसम विभाग ने अरुणाचल में आए भूकंप की तीव्रता हल्की बताई और कहा कि इसे रात एक बजकर 13 मिनट पर महसूस किया गया। इसका केंद्र जमीन के नीचे 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
इंफाल से प्राप्त खबर के मुताबिक, मणिपुर में भी आज सुबह पौने दस बजे भूकंप आया। मौसम विभाग ने बताया कि नगालैंड के फेक में सुबह 9 बजकर 44 मिनट पर 5.8 तीव्रता वाला भूकंप आया। फेक कोहिमा के पूरब में करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर है। इसका केंद्र जमीन के नीचे 50 किलोमीटर की गहराई पर था। शिलांग से प्राप्त खबर के मुताबिक भूकंप के बाद लोग खुले में आ गए। अधिकारियों के अनुसार किसी भी पूर्वोत्तर राज्य से जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, July 1, 2012, 12:53