Last Updated: Saturday, May 26, 2012, 18:14
नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, बिहार सहित देश के अधिकांश इलाके भयंकर लू एवं गर्मी की चपेट में हैं। शनिवार को कुछ इलाकों में पारा 47 डिग्री तक पहुंच गया। ओडिशा में गर्मी के कारण अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में शनिवार सुबह तेज धूप के साथ न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह 8.30 बजे आद्रर्ता 28 फीसदी दर्ज की गई।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित सूबे के अन्य शहरों में लगातार चढ़ते पारे ने लोगों की नींद उड़ा दी है। लखनऊ में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान लगभग 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया, अगले कुछ दिनों में मौसम का यही रुख बरकरार रहेगा। शुष्क मौसम की स्थिति बनने की वजह से पछुआ हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं। आने वाले दिनों में लू या तपन से कोई राहत नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग के मुताबिक 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पछुवा हवाएं चलेंगी। शुक्रवार को इलाहाबाद देश का सबसे गर्म दिन रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में 44.5 डिग्री सेल्सियस, आगरा में 46.1 डिग्री सेल्सियस और वाराणसी का अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस, दर्ज किया गया था।
बिहार में चिलचिलाती धूप और उमस के कारण लोगों को दिन काटना मुश्किल हो रहा है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार की सुबह पटना का तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 27.5 डिग्री और भागलपुर का 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गया शुक्रवार को सबसे गर्म रहा। यहां का पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जबकि पटना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एके सेन का कहना है कि अभी अधिकतम तापमान और बढ़ने की संभावना है, इस कारण लोगों को काफी तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
ओडिशा में लू से अगले तीन-चार दिनों तक राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। राज्य में अब तक गर्मी से 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अपुष्ट खबरों के अनुसार यह आंकड़ा 50 के पार पहुंच गया है। पिछले कुछ दिनों से राज्य के पश्चिमी इलाकों में पारा लगातार 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
भुवनेश्वर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक एस.सी. साहू ने बताया कि गर्मी का यह दौर जारी रहेगा यद्यपि तटीय इलाकों में बादल छाने से तापमान में कुछ उतार चढ़ाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के आंतरिक एवं पश्चिमी भागों में तापमान 45 डिग्री को भी पार कर सकता है। शुक्रवार को सम्भलपुर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा यहां का अधिकतम तापमान 46.7 सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया।
महाराष्ट्र भी भीषण गर्मी की चपेट में है। विदर्भ क्षेत्र में स्थित चंद्रपुर जिले में तो पारा 47 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने शनिवार को बताया, लगातार पांचवें दिन शनिवार को चंद्रपुर जिले में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे सटे ब्रम्हपुरी तालुका में भी अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस था। नागपुर एवं वर्धा में अधिकतम तापमान 46-46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अकोला में 44, यवतमाल एवं अमरावती में अधिकतम तापमान 43-43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया, उत्तर एवं मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में धूप का प्रकोप जारी रहेगा। अगले 48 घंटों के दौरान कोंकण, गोवा एवं दक्षिण-मध्य महाराष्ट्र में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार मुम्बई का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के मध्य बना हुआ है। मुम्बई में मानसून के पूर्व अनुमानित 10 जून तक आने की उम्मीद है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 26, 2012, 18:14