Last Updated: Friday, March 9, 2012, 03:37
नई दिल्ली: रंगों का त्योहार होली गुरुवार को देशभर में उल्लास एवं धूमधाम से मनाई गई। दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता सहित प्रमुख शहरों में सुबह होते ही युवाओं की टोलियां रंग-बिरंगे चेहरे में सड़कों पर निकल पड़ी। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाइयां बांटी और शुभकामनाएं दीं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलावा वाराणसी, मथुरा, वृंदावन, इलाहाबाद और अन्य शहरों में भी लोगों ने जमकर होली खेली। लोगों ने एक दूसरे के घरों में जाकर अबीर और गुलाल लगाकर होली की बधाइयां दी।
दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग होली खेलने के लिए सड़कों पर निकले। गर्म धूप ने उनके उत्साह को कई गुना बढ़ा दिया। युवाओं की टोलियों ने एक-दूसरे को रंगों से सराबोर किया। बच्चे पिचकारियों से लोगों पर रंगो की फुहार छोड़ रहे थे।
होली के अवसर पर राजधानी लखनऊ के मुस्लिम बहुल इलाकों में भी हिन्दुओं ने एकता की मिसाल पेश की। यहां लोगों ने एक-दूसरे के साथ होली खेली। अलीगंज, हजरतगंज, निशातगंज और हैदरगंज में मुस्लिम परिवार के लोगों ने भी हिन्दुओं के साथ जमकर होली का जश्न मनाया।
मध्य प्रदेश में होली धूमधाम से मनाई गई। पूरा प्रदेश होली की मस्ती में डूबा रहा, हर तरफ हुरियारों की टोलियां घूमती नजर आई और हर तरफ रंग बिखरा। उज्जैन में महाकाल के दरबार में होली के मौके पर विशेष आरती की गई और भक्तों ने बाबा महाकाल के साथ होली खेली। मान्यता के मुताबिक दुनिया में सबसे पहले बाबा महाकाल की दरबार में होली खेली जाती है। बुधवार की रात को होलिका दहन से पहले भक्तों ने बाबा महाकाल के साथ होली खेली।
देवास में होली के मौके पर विशेष रंगोलियां बनाई गई। इसी तरह इंदौर में लठमार होली खेली गई। बिहार में अधिकांश लोग शुक्रवार को होली मनाएंगे। हालांकि गुरुवार को भी राज्य के कई इलाकों में होली की धूम नजर आई।
पश्चिम बंगाल में गुरुवार को लोगों ने पारम्परिक पर्व होली अथवा 'डोल जात्रा' को रंग, प्रार्थनाओं और गीतों के बीच उमंग एवं उत्साह के साथ मनाया। बीरभूम जिले के शांतिनिकतन परिसर में जुटे देश-विदेश के लोगों ने टैगोर की गीतों पर सड़कों पर पूरे उमंग एवं उत्साह के साथ नृत्य किया। सड़कों पर संगीत की धुनों पर थिरकते लोग सबकुछ भूलकर उल्लास में लीन थे।
(एजेंसी)
First Published: Friday, March 9, 2012, 09:08