Last Updated: Tuesday, December 25, 2012, 22:37
नई दिल्ली : देशभर में क्रिसमस का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने `मेरी क्रिसमस` कहकर एक-दूसरे को ईसा मसीह के जन्मदिन की बधाई दी। मुम्बई में बॉलीवुड सितारे जहां त्योहार की उमंग में डूबे रहे, रहे वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में भी गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं हुईं और पश्चिमी तथा स्थानीय कैरोल की गूंज सुनाई दी। राष्ट्रीय राजधानी में प्रभु यीशु के भक्तों के अलावा अन्य धर्म के लोगों में भी खासा उत्साह देखा गया। दिल्ली के सभी गिरजाघरों में सोमवार की रात से ही चहल-पहल रही। यहां के स्कूलों में कई दिन पहले से ही छात्र सांता क्लॉज और छात्राएं परियों की वेशभूषा में दिखाई देने लगी थीं। यहां के कई फार्म हाउसों और होटलों में इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
वहीं व्यावसायिक राजधानी मुम्बई में बॉलीवुड कलाकारों ने अपने परिवार व दोस्तों के साथ क्रिसमस की खुशियां मनाईं और देश में शांति व समृद्धि की कामना की। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने ट्विटर के जरिए क्रिसमस की शुभकामनाएं दी। लता ने कहा कि क्रिसमस यह सोचने का अवसर है कि हमने दूसरों को कितना प्यार दिया। अभिनेता शाहरुख खान ने सभी बच्चों व किशोरों के अच्छे जीवन की कामना की।
प्रभुदेवा ने प्रशंसकों से अपने प्रियजनों के साथ यह पर्व मनाने के लिए कहा। अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने कहा कि क्रिसमस पर उनके बचपन की यादें ताजा हो गई हैं। उन्होंने कहा कि वह विश्वास नहीं कर पा रही हैं कि यह साल समाप्त होने वाला है। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी शुभकामनाएं दीं।
अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि एक दिन आप खुद अपने सांता होंगे और अपनी व अपने प्रियजनों की सभी ख्वाहिशें पूरी करेंगे। इसके अलावा रितेश देशमुख, अर्जुन रामपाल ने भी क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए सभी के लिए खुशहाली, शांति, समृद्धि की कामना की। श्रेयस तलपड़े, कुणाल कपूर व रवीना टंडन ने भी अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।
फिल्मकार अनुराग बसु और अभिनेता रणबीर कपूर और वरुण धवन ने मुम्बई के एक अस्पताल में कैंसर पीड़ित बच्चों के साथ अलहदा अंदाज में क्रिसमस मनाया।
रणबीर ने बताया कि उन्हें टाटा मेमोरियल अस्पताल में बच्चों के साथ क्रिसमस मनाने में खूब मजा आया। अस्पताल से बाहर आकर रणबीर ने कहा,मैं यहां पहली बार आया हूं। यह एक अच्छी पहल है। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने से बेहतर कुछ नहीं होता। मुस्कान सबसे जरूरी चीज है।
अस्पताल ने कैंसर पीड़ित बच्चों के लिए `होप 2012` नाम के एक क्रिसमस कार्यक्रम का आयोजन किया था। बसु की फिल्म `बर्फी!` में मूक-बधिर लड़के का किरदार निभाने वाले रणबीर ने कहा, मैं इन बच्चों को यही संदेश देता हूं कि हर हाल में खुश रहो। इस मौके पर रणबीर और वरुण ने बच्चों के साथ नृत्य भी किया।
पड़ोसी राज्य गोवा, केंद्र शासित प्रदेश दमन-दीव और तटीय राज्य केरल के अलावा तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी क्रिसमस धूमधाम से मनाया गया।
देश के अन्य हिस्सों की तरह मध्य प्रदेश में भी गिरजाघरों में विशेष प्रार्थनाओं के साथ कैरोल गीत गूंजते रहे। कई लोग सांता क्लॉज बनकर उपहार बांटते नजर आ रहे हैं। राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, ग्वालियर व जबलपुर सहित अन्य स्थानों पर सोमवार रात 12 बजते ही कैरोल गीत गूंज उठे और ईसा मसीह के जन्म की खुशियां छा गईं।
भोपाल में ईसा मसीह के जन्मदिन समारोह में जहांगीराबाद स्थित सेंट फ्रांसिस चर्च में विशप लियो कार्नेलिया ने पीड़ित मानवता की सेवा के संकल्प के साथ प्रभु यीशु के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। प्रभु यीशु के जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के साथ लोगों ने एक-दूसरे को केक भी खिलाया।
उधर, समूचे पूर्वोत्तर भारत में क्रिसमस की धूम रही। समारोहों का सिलसिला सोमवार रात से ही शुरू हो गया। गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में पश्चिमी और स्थानीय क्रिसमस कैरोल गाए गए।
गौरतलब है कि मिजोरम, नागालैंड, मेघालय और मणिपुर में 50 लाख से अधिक ईसाई रहते हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर के कई अन्य राज्यों में भी ईसाइयों की संख्या अधिक है।
उग्रवादी हमलों की आशंका के बीच पुलिस ने बताया कि मिजोरम में क्रिसमस की पूर्वसंध्या के समारोह शांतिपूर्वक गुजरे। आइजोल एवं राज्य के अन्य हिस्सों में लोगों में त्योहार का उत्साह देखा गया। कोहिमा, दीमापुर और नागालैंड के अन्य हिस्सों में गिरजाघर, इमारतें और बाजार जगमगाते नजर आए। बजारों में भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने त्योहार के लिए जमकर खरीददारी की। नागा मूल के लोग और छात्र देश में जहां कहीं भी रहते हैं वे त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट आए।
मेघालय के राज्यपाल आर. एस. मूशाहरि ने कहा कि क्रिसमस का त्योहार शांति, खुशहाली एवं खुशी लाता है। मुख्य गिरिजाघर तथा अन्य गिरिजाघरों में बड़े पादरी व अन्य पादरियों ने प्रार्थनाएं करवाईं। शिलांग के आर्कबिशप डोमिनिक जलाला ने यहां सेंट जोसेफ कैथोलिक चर्च में क्रिसमस की मध्यरात्रि पर विशेष प्रार्थना करवाई। उन्होंने लोगों से लौकिक प्रेम व भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि मेघालय में 80 प्रतिशत से अधिक आबादी इसाई है। मिजोरम, नागालैंड और मेघालय के गिरजाघर पूर्वोत्तर राज्यों के जीवन और संस्कृति में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 25, 2012, 22:37