देशमुख के निधन पर पीएम ने शोक जताया

देशमुख के निधन पर पीएम ने शोक जताया


नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के निधन पर शोक प्रकट करते हुए उन्हें एक विश्वस्त सहयोगी और एक कुशल प्रशासक बताया है।

सिंह ने अपने संदेश में कहा कि श्री देशमुख एक विश्वस्त सहयोगी और कुशल प्रशासक थे जिन्होंने पंचायत, राज्य और केंद्र स्तर पर अदभुत समर्पण के साथ काम किया। चेन्नई में जिगर संबंधी बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराए गए देशमुख का आज दोपहर निधन हो गया।

वहीं, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। राज्यपाल बीएल जोशी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि देशमुख एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ अनुभवी प्रशासक भी थे। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजन के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने शोक संदेश में कहा कि देशमुख एक मंझे हुए राजनेता होने के साथ-साथ बहुत अच्छे इंसान भी थे। उनके निधन से सियासत को ऐसा नुकसान हुआ है जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने देशमुख के शोकाकुल परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विलासराव देशमुख के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, August 14, 2012, 18:33

comments powered by Disqus