Last Updated: Monday, April 15, 2013, 20:14

नई दिल्ली : बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा धर्मनिरपेक्ष साख वाले व्यक्ति को राजग का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने और परोक्ष रूप से नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधे जाने को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि पार्टी को धर्मनिरपेक्षता पर नीतीश कुमार के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है।
भाजपा ने कहा कि 2002 में नीतीश कुमार भाजपा नीत राजग सरकार में शामिल थे और पुराने सहयोगी है। भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा में कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जो धर्मनिरपेक्ष नहीं है। बिहार के मुख्यमंत्री ने जो बात कही, हम उसे खारिज करते हैं।
उन्होंने कहा कि धर्मनिरपेक्षता पर हमें नीतीश कुमार के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। हम सभी धर्मनिरपेक्ष हैं। भाजपा में जो भी है, धर्मनिरपेक्ष है। 2002 में भाजपा नीत सरकार में नीतीश शामिल थे। भाजपा की एक अन्य प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने जदयू पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा मुख्यमंत्रियों की आलोचना करने की बजाए, इस बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए कि कांग्रेस नीत संप्रग को कैसे सत्ता से हटाया जाए।
भाजपा उम्मीद करती है कि उसके सहयोगी भ्रष्ट संप्रग सरकार को हटाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। इससे पहले, जदयू द्वारा नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाये जाने की पृष्ठभूमि में आज बिहार के भाजपा नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मुलाकात की। समझा जाता है कि भाजपा विधायकों ने राजनाथ सिंह के साथ बैठक में नीतीश कुमार की जदयू राष्ट्रीय परिषद की बैठक में की गई तल्ख टिप्पणियों के विषय को रखा और प्रदेश भाजपा नेताओं की भावनाओं से उन्हें अवगत कराया। (एजेंसी)
First Published: Monday, April 15, 2013, 18:36