Last Updated: Monday, May 28, 2012, 21:25
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में तेज धूप व गर्मी से लोग परेशान हैं। दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखण्ड सहित उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी तापमान 40 डिग्री से अधिक है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिल्ली में सोमवार सुबह तेज धूप निकली।
दोपहर में गर्म हवा ने भी लोगों को परेशान किया। यहां का अधितकतम तापमान 42.2 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में यहां आद्र्रता अधिकतम 44 प्रतिशत और न्यूनतम 15 प्रतिशत दर्ज किया गया। मंगलवार में तापमान में वृद्धि के अनुमान हैं। यह अधिकतम 43 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार में पटना सहित राज्य के करीब सभी इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। सोमवार को गया का न्यूनतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए. क़े सेन ने कहा कि अभी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। राजधानी लखनऊ सहित सूबे के अन्य इलाकों में लू के थपेड़े सोमवार को भी जारी थे। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा।
उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बताया कि सूबे में शुष्क मौसम कंडीशन सक्रिय है, जिसकी वजह से लगातार पछुआ हवाएं चल रही हैं।
मध्य प्रदेश भी लू की गिरफ्त में है। लोगों को सोमवार को भी गर्म हवाओं एवं बढ़ते तापमान से राहत नहीं मिली। सूरज के तीखे तेवरों के चलते राज्य के अधिकांश इलाकों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के मुताबिक पश्चिमोत्तर और पूर्वी मध्य प्रदेश पूरी तरह लू की गिरफ्त में है।
बीते 24 घंटों में राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 42.7, इंदौर का तापमान 41.2, ग्वालियर का 43.7 और जबलपुर का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 28, 2012, 21:25