धूप, गर्मी से पूरा उत्तर भारत बेहाल

धूप, गर्मी से पूरा उत्तर भारत बेहाल


नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों में लोग भीषण गर्मी व लू से परेशान हैं। दिन में झुलसा देने वाली धूप हो रही है, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। जगह-जगह गर्म हवाएं भी चल रही हैं। औसत तापमान करीब 40 डिग्री के आसपास रहा। राजधानी दिल्ली में बुधवार को सुबह से ही तेज धूप रही।


अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार को तापमान में और वृद्धि हो सकती है और यह अधिकतम 44 डिग्री तथा न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।


बिहार में राजधानी पटना सहित सभी इलाके भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। बौद्ध तीर्थस्थल गया का अधिकतम तापमान मंगलवार को 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। पटना और पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री तथा 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया में न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री और भागलपुर में 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जिस तरह तापमान में वृद्धि हो रही है, उससे 2005 के अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड टूट सकता है। राज्य में 29 मई, 2005 को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। स्थानीय मौसम केंद्र के निदेशक डी़ सी़ गुप्ता ने बताया कि पूरवा हवा चलने की वजह से हवा में नमी की मात्रा काफी कम हो गई है, जिससे गरमी बढ़ गई है।


उत्तर प्रदेश में भी भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल है। सुबह से ही गर्म हवाएं और धूप लोगों को बेहाल कर रही हैं। राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में कई स्थानों पर पारा 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, गर्मी से फिलहाल राहत की कोई सम्भावना नहीं है। कुछ स्थानों पर आंधी आ सकती है।


वहीं, मध्य प्रदेश में भी तेज धूप व गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। गर्मी का असर अब रात में भी नजर आने लगा है। राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य के सभी हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच और रात का तापमान भी 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, May 23, 2012, 22:59

comments powered by Disqus