नए सेना प्रमुख के चयन को बना पैनल - Zee News हिंदी

नए सेना प्रमुख के चयन को बना पैनल

नई दिल्ली : उम्र के मुद्दे पर थलसेना प्रमुख जनरल वी के सिंह की दलील खारिज करने के बाद लगता है कि रक्षा मंत्रालय इस विवाद से आगे बढ़ता दिख रहा है और उसने नए सेना अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए अधिकारियों का पैनल बना दिया है।

 

सूत्रों ने यहां बताया कि रक्षा मंत्रालय ने अगले थलसेना प्रमुख के चयन के लिहाज से अधिकारियों का पैनल गठित किया है जिसमें सर्वाधिक वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल शामिल हैं।

 

तीन सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल विक्रम सिंह, उत्तरी सेना कमांडर के लेफ्टिनेंट जनरल के टी परनायक और मौजूदा उप थलसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल श्रीकृष्ण सिंह हैं।

 

सूत्रों का कहना है कि नियुक्ति के लिए पश्चिमी सेना कमांडर के लेफ्टिनेंट जनरल शंकर राजन घोष के नाम पर विचार नहीं किया जा रहा जो थलसेना प्रमुख का कार्यकाल समाप्त होने के साथ ही 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे।

 

परंपरागत रूप से सेना प्रमुख के तौर पर पैनल के सबसे वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति की जाती है। इस मामले में लेफ्टिनेंट जनरल विक्रम सिंह सबसे वरिष्ठ हैं और इस शीर्ष पद उनके काबिज होने की संभावना प्रबल है। शेष दो अधिकारियों में से लेफ्टिनेंट जनरल परनायक वरिष्ठता क्रम में लेफ्टिनेंट जनरल श्रीकृष्ण से उपर हैं।  (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 5, 2012, 09:17

comments powered by Disqus