Last Updated: Tuesday, April 17, 2012, 10:37
नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम चुनावों में भाजपा की विजय से अति प्रसन्न पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि ये परिणाम कांग्रेसी विरोधी जन भावना का पक्का सुबूत हैं और उनका दल आगामी दिल्ली विधानसभा तथा लोकसभा चुनावों में भी विजयी होगा। गडकरी ने पार्टी की दिल्ली इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ यहां भाजपा मुख्यालय में विशेष संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि पंजाब, गोवा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और अब दिल्ली में हाल में हुए विधानसभा तथा स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस विरोधी महौल साफ नज़र आ रहा है।
इससे भाजपा लाभ की स्थिति में आई है जिसका फायदा उसे आगामी लोकसभा चुनाव में मिलेगा। हमारी पार्टी सशक्त विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाले किसी भी चुनाव का राष्ट्रीय महत्व होता है, क्योंकि यह देश की जनता के मूड को दर्शाता है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली स्थानीय निकाय चुनाव में मिली जीत से उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बहुत बढ़ गया है और वे आगे होने वाले दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के विधानसभा तथा 2014 के लोकसभा चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे।
कांग्रेस और उसके नेतृत्व को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने कहा कि उसके शासन में व्याप्त कुशासन, लगातार बढ़ती जा रही मंहगाई और व्यापक भ्रष्टाचार से जनता आजिज़ आ चुकी है और इसके लिए वह उसे देश भर में एक के बाद एक जगह कड़ा सबक सिखा रही है। इस सबके बीच भाजपा अध्यक्ष ने स्वीकार किया पंजाब, उत्तरप्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हमने स्थिति की समीक्षा की है और आने वाले चुनावों में हम बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रखते हैं। इस सवाल पर कि भाजपा को क्या मध्यावधि चुनाव की आहट सुनाई दे रही है, उन्होंने कहा कि हमारी ओर से अस्थिरता बनाने का कोई प्रयास नहीं होगा और देश को राजनीतिक स्थिरता देने की जिम्मेदारी सत्तारूढ़ कांग्रेस नीत संप्रग की है।
कांग्रेस विरोधी माहौल में अन्ना हजारे के आंदोलन के योगदान को खास महत्व नहीं देते हुए उन्होंने कहा कि यह अध्ययन मैं आप लोगों पर छोड़ता हूं। लेकिन यह तथ्य है कि अन्ना के गांव में हुए जि़ला पंचायत के चुनाव में उनके विरोध का निशाना बनी शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा विजयी हुई। हालांकि यह बात सच है कि भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है और इसके विरूद्ध राजनैतिक अथवा गैर राजनीतिक जो भी आंदोलन चलता है वह उसे समर्थन देती है। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने की स्थिति में राज्य इकाई के अध्यक्ष विजेन्द्र गोयल को मुख्यमंत्री बनाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि विजेन्द्र सहित विजय गोयल और वाणी त्रिपाठी जैसे कई काबिल नेता हैं और उचित समय आने पर इस बारे में निर्णय किया जाएगा।
(एजेंसी)
First Published: Tuesday, April 17, 2012, 16:07