नरसिम्हा राव के बेटे रंगा राव नहीं रहे

नरसिम्हा राव के बेटे रंगा राव नहीं रहे

हैदराबाद : पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव के सबसे बड़े बेटे पी. वी. रंगा राव नहीं रहे। उनका गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह अविवाहित थे। 75 वर्षीय रंगा राव पिछले कुछ समय से बीमार थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रंगा राव का निधन दिल से संबंधित बीमारियों के कारण हिमायतनगर स्थित उनके आवास पर हुआ। अंतिम संस्कार गुरुवार शाम को किया जाएगा।

कांग्रेस नेता रंगा राव आंध्र प्रदेश में कोटला विजय भास्कर रेड्डी (1992-94) की सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे थे। वह तेलंगाना क्षेत्र के वारंगल जिले में हनामकोंडा विधानसभा क्षेत्र से दो बार आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वह राज्य विधानपरिषद के सदस्य भी रहे।

उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र रह चुके रंगा राव वर्ष 1970 के दशक के मध्य में संजय गांधी के समय में कांग्रेस पार्टी में सक्रिय हुए थे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. किरण कुमार रेड्डी, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू तथा विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, August 1, 2013, 14:28

comments powered by Disqus