नरेंद्र मोदी कोई चुनौती या खतरा नहीं हैं: मनमोहन सिंह

नरेंद्र मोदी कोई चुनौती या खतरा नहीं हैं: मनमोहन सिंह

नरेंद्र मोदी कोई चुनौती या खतरा नहीं हैं: मनमोहन सिंहज़ी मीडिया ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : कांग्रेस संगठन में बदलाव और मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को एक बार फिर कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी को बड़ी जिम्‍मेदारी सौंपने की वकालत की। साथ ही, पीएम ने गुजरात के मुख्‍यमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती मानने से इनकार कर दिया।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल आठ नए मंत्रियों की ओर से राष्ट्रपति भवन में सोमवार को शपथ ग्रहण करने के कुछ ही देर बाद प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि मुझे हमेशा से पूरा विश्वास रहा है कि संप्रग के रूप में हम तीसरी बार सत्ता में आएंगे और देश की जनता एक बार फिर हम में विश्वास दिखाएगी। नरेंद्र मोदी कोई खतरा नहीं हैं। जनता को पता हैं कि मोदी क्या हैं। आगामी आम चुनाव के मद्देनजर बीजेपी की केंद्रीय राजनीति में मोदी का कद बढ़ने के बाद प्रधानमंत्री की यह टिप्‍पणी सामने आई है।

प्रधानमंत्री ने ट्वीटर पर लिखा, `राहुल गांधी कांग्रेस के स्‍वाभाविक नेता हैं। मैं चाहता हूं कि राहुल गांधी मेरी जिम्‍मेदारी संभालें। मेरी चाहत है कि राहुल यूपीए के नेता बनें`। मुझे खुशी होगी यदि राहुल मेरी जगह लेते हैं। मेरा मानना है कि यूपीए तीसरी बार भी सत्‍ता में आएगी। जनता हम पर दोबारा विश्‍वास जताएगी और भरोसा करेगी।

उन्‍होंने ट्वीटर पर यह भी लिखा कि बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार धर्मनिरपेक्ष नेता हैं। मोदी को चुनौती मानने से इनकार करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि जनता सब कुछ जानती है और जनता ही तय करेगी। मोदी कोई चुनौती नहीं हैं।

कांग्रेस-जदयू गठबंधन की संभावना पर मनमोहन ने कहा कि राजनीति में कोई स्थायी दोस्त या दुश्मन नहीं होता। हम स्थिति के आधार पर फैसला करते हैं। जनता दल (यूनाइटेड) के भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से अलग होने पर उन्होंने कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है।

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग का केंद्र सरकार के रूप में यह दूसरा कार्यकाल है। आगामी लोकसभा चुनाव अगले वर्ष 2014 में होने वाले हैं।

First Published: Monday, June 17, 2013, 19:01

comments powered by Disqus