Last Updated: Saturday, July 28, 2012, 20:37
जी न्यूज ब्यूरोनई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वह राहुल गांधी को पार्टी के लिए काम करते देखना पंसद करेंगे। सिंह ने कहा कि वह नहीं चाहते कि राहुल इस समय में सरकार में शामिल हों।
हमारे सहयोगी चैनल ‘जी न्यूज’ की स्वाति चतुर्वेदी के कार्यक्रम ‘कहिए जनाब’ में खास बातचीत में सिंह ने कहा, मैं चाहता हूं कि राहुल वर्ष 2014 के आम चुनाव के लिए हमारे नेता के रूप में एक बड़ी भूमिका निभाएं और कांग्रेस पार्टी को इसके लिए तैयार करें।
उन्होंने कहा, मैं नहीं चाहता कि वह सरकार में शामिल हों।
सिंह से यह पूछे जाने पर कि ‘राहुल गांधी के समय’ में वह खुद को कहां पाते हैं। इस पर उन्होंने कहा, दिग्विजय सिंह 65 साल के हो गए हैं। देश युवाओं का है और इस देश के 60 प्रतिशत मतदाता 35 वर्ष से कम आयु के हैं। ऐसे समय में हम जैसे नेताओं को राजनीति से दूर हो जाना चाहिए।
यह पूछने पर कि क्या वह राजनीति से अपने संन्यास की घोषणा कर रहे हैं। इस पर सिंह ने कहा, आपको थोड़ा इंतजार करना होगा।
राहुल गांधी के कम होते प्रभाव के सवाल पर सिंह ने कहा, राहुल एक माहौल बनाते हैं जो कांग्रेस के लिए सकारात्मक होता है लेकिन वह मतदाताओं को मतदान केंद्र तक नहीं ले जा सकते।
गांधी परिवार पर सिंह ने कहा कि यह ऐसा परिवार है जिसने देश को हमेशा दिया है। यह परिवार 1947 से 2012 तक ज्यादातर सत्ता में रहा है, इसके बावजूद इस परिवार पर भ्रष्टाचार एवं धन की हेराफेरी के आरोप नहीं लगे हैं।
सिंह ने कहा कि इस परिवार पर बोफोर्स का एक झूठा आरोप लगा लेकिन यह भी साबित नहीं हो सका।
सिंह ने योग गुरु बाबा रामदेव के बारे में कहा, रामदेव दूसरे के हाथ की कठपुतली और ठग हैं। वह दूसरे लोगों के कालेधन के बारे में बात करते हैं लेकिन अपने कालेधन को जाने देते हैं।
First Published: Saturday, July 28, 2012, 20:37