Last Updated: Thursday, March 14, 2013, 14:38
नई दिल्ली : श्रीलंका नौसेना द्वारा आए दिन भारतीय मछुआरों को पकड़ लेने से क्रोधित सत्तारूढ़ संप्रग के प्रमुख घटक दल द्रमुक ने आज सरकार पर आरोप लगाया कि अपने नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने में वह ‘कमज़ोर’ बन गई है।
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान द्रमुक सदस्य टीकेएस एलनगोवन ने कल और आज श्रीलंकाई नौसेना द्वारा भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार करने और उनकी नौकाएं जब्त करने पर चिंता जताते हुए कहा कि यह रोजमर्रा घटने वाली घटना हो गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत दुनिया के इस क्षेत्र में सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे बड़ा देश है। लेकिन अपने नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने के मामले में यह सबसे कमजोर देश नजर आ रहा है। चाहे यह तमिल मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा पकडने का मामला हो या फिर जम्मू कश्मीर में हमारे सुरक्षा कर्मियों की पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा हत्या करने का मामला हो।’’ एलनगोवन ने कहा कि आज सुबह श्रीलंका नौसेना ने 50 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया और कल उसने 20 मछुआरों को पकड़ा था। (एजेंसी)
First Published: Thursday, March 14, 2013, 14:38