Last Updated: Friday, December 21, 2012, 17:42

नई दिल्ली: भाजपा उपाध्यक्ष और टीवी कलाकार स्मृति ईरानी के बारे में कांग्रेस सांसद संजय निरूपम की टिप्पणियों पर सख्त आपत्ति जताते हुए भाजपा ने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से इसके लिए माफी मांगने की मांग की।
पार्टी के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने यहां कहा कि एक टीवी चैनल में ईरानी के साथ पैनल चर्चा के दौरान निरूपम मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ गए। हम सोनिया गांधी से उम्मीद करते हैं कि वह अपने पार्टी के इस वरिष्ठ सदस्य के ऐसे आचरण के लिए उनके विरूद्ध कार्रवाई करेंगे और माफी मांगेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सोनिया ने निरूपम के इस आचरण पर प्रतिक्रिया नहीं की तो भाजपा उनके विरूद्ध भी प्रदर्शन करेगी।
प्रसाद ने कहा कि भाजपा निरूपम का बहिष्कार करेगी। पार्टी का कोई प्रवक्ता समाचार चैनल के उस पैनल में शामिल नहीं होगा जिसमें निरूपम होंगे।
सीधे प्रसारण वाले एक टीवी शो में चर्चा के दौरान निरूपम ने कथित तौर पर ईरानी के तर्को का प्रतिवाद करते हुए कहा था, चार दिन हुए नहीं और आप राजनीतिक विशलेषक बनी फिरती हैं। आप तो टीवी पे ठुमके लगाती थीं, आज चुनावी विश्लेषक बन गई। ईरानी ने इस टिप्पणी के खिलाफ निरूपम को मानहानि का नोटिस भेजा है।
उधर निरूपम ने अपने स्पष्टीकरण में आज ट्वीट किया कि स्मृति ईरानी मामले को संदर्भ से हट कर ले लिया गया है। लोग पूरी चर्चा को देखें और संदर्भ को समझें। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 21, 2012, 17:42