निर्भया को अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार महिला सशक्तिकरण के लिए सार्थक पहल : परणीत कौर

निर्भया को अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार महिला सशक्तिकरण के लिए सार्थक पहल : परणीत कौर

निर्भया को अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार महिला सशक्तिकरण के लिए सार्थक पहल : परणीत कौर नई दिल्ली : दिल्ली सामूहिक बलात्कार घटना की पीड़ित युवती ‘निर्भया’ को अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार देने के अमेरिका के फैसले का स्वागत करते हुए सरकार ने कहा कि यह महिलाओं के लिए सार्थक पहल है। विदेश राज्य मंत्री परणीत कौर ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ बहुत खुशी होती है जब हमारे देश की महिलाओं को और उनके संघर्ष को मान्यता मिलती है।’’ उन्होंने कहा कि यह काफी प्रसन्नता की बात है कि अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करने वाली निर्भया को अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार मिल रहा है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह सार्थक पहल है।

गौरतलब है कि अमेरिका ने दिल्ली सामूहिक बलात्कार घटना की पीड़ित 23 वर्षीय ‘निर्भया’ को अंतरराष्ट्रीय साहसिक महिला पुरस्कार देने का फैसला किया है।

एक आधिकारिक घोषणा में कल कहा गया कि ‘निर्भया’ को मरणोपरांत इस सम्मान से आठ मार्च को अमेरिका की प्रथम महिला मिशेल ओबामा और विदेश मंत्री जॉन केरी द्वारा प्रदान किया जाएगा। विदेश मंत्रालय ने दुनियाभर की 10 महिलाओं को इस पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा के मौके पर ‘निर्भया’ के बारे में कहा कि भारत की करोड़ों महिलाओं के लिए उसका निजी कटु अनुभव, न्याय की जंग के लिए दृढता और उसके परिवार की निरंतर बहादुरी महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढावा देने वाले कलंक और असुरक्षा को हटाने में मदद कर रही है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, March 5, 2013, 12:56

comments powered by Disqus