नीली रोशनी से नहा जाएगा ताजमहल ? - Zee News हिंदी

नीली रोशनी से नहा जाएगा ताजमहल ?

आगरा : मधुमेह के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से चलाए गए एक अभियान के तहत रविवार शाम देशभर में कई ऐतिहासिक इमारतों को नीले रंग की रोशनी से सजाया जाएगा। इस बारे में ताजमहल को लेकर अब भी सवाल अनिश्चितता बरकरार है।

 

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) के स्थानीय अधिकारी इसके लिए गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) 'हील' को 17वीं सदी के मुगलकालीन धरोहर को नीली रोशनी से सजाने की अनुमति देने को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।

 

एएसआई के एक अधिकारी ने कहा कि आज एक एनजीओ इसकी मांग कर रहा है, कल और भी एनजीओ होंगे। इससे गलत उदाहरण स्थापित होगा और हम इस सिलसिले में जोखिम नहीं ले सकते।

 

ताज महल की देखभाल कर रहे मुन्नज्जर अली ने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा। हमें बहुत सावधान रहने की जरूरत है। आगरा में एएसआई के प्रमुख इंदु धर द्विवेदी ने शनिवार को कहा था कि एनजीओ को ताजमहल को नीले रंग की रोशनी से सजाने की अनुमति दी गई है, लेकिन संरक्षणवादियों के इसके विरोध पर प्रतिक्रिया देने के लिए वह रविवार को उपलब्ध नहीं हो सके।

 

ब्रज मंडल हेरीटेज कंजरवेशन सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि इस बारे में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए। विशेषज्ञों के अध्ययनों एवं रिपोर्ट में ताजमहल के सफेद मार्बल पर कृत्रिम रोशनी के इस्तेमाल की मनाही की गई है। अभियान के तहत आगरा किला और फतेहपुर सिकरी परिसर में नीले रंग की रोशनी का इस्तेमाल किया जाएगा। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 13, 2011, 16:27

comments powered by Disqus