नैयर का नरसिम्हा राव पर आरोप गलत : कुणाल

नैयर का नरसिम्हा राव पर आरोप गलत : कुणाल

पटना : वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर की पुस्तक में अयोध्या में विवादित ढांचा को ध्वस्त किये जाने के समय तत्कालीन प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के पूजा करने के दावे का पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल ने खंडन करते हुए कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री घटना की पल-पल की जानकारी ले रहे थे।

कारसेवकों द्वारा विवादित ढांचा ढहाये जाने के अयोध्या मामले की जांच कर रहे लिब्रहान आयोग की शुरुआती रिपोर्ट तैयार करने वाले किशोर कुणाल ने दावा किया है, ‘विवादित ढांचा (बाबरी मस्जिद) ढहाए जाने के समय छह दिसंबर 1992 को तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा पूजा करने का कुलदीप नैयर का दावा गलत है। यह सत्य से परे है।’ इस वक्त बिहार धार्मिक न्यास बोर्ड के प्रशासक कुणाल ने कहा, ‘विवादित ढांचे के ढहाये जाने तक राव पूजा पर बैठे रहे यह बात बिल्कुल गलत है। यह दावा दस्तावेजों के ठीक उलट है। कुछ लोगों में यह भी भ्रांतियां रही है कि विवादित ढांचा गिराने की बात सुनकर राव सोने चले गये थे। यह बात भी गलत है।’

अयोध्या विवाद के समय केंद्रीय गृह मंत्रालय के विशेष कर्तव्य पदाधिकारी (ओएसडी) रहे कुणाल ने दावा किया कि सचाई यह है कि नरसिम्हा राव न तो पूजा कर रहे थे और न ही सोने गए थे। सच बात यह है कि पीवी नरसिम्हा राव को विवादित ढांचे के संबंध में पल पल की खबर थी। वह जगे हुए थे और दोपहर 12.30 बजे के बाद तत्कालीन केंद्रीय गृह सचिव माधव गोडबोले से फोन पर लगातार जानकारी ले रहे थे। उन्होंने दावा किया कि गोडबोले न सिर्फ लगातार राव से संपर्क में रहे बल्कि उन्होंने गृह मंत्रालय के ‘लाग बुक’ में इस बात को दर्ज भी कराया कि राव से उनकी लगातार बात होती रही। यह बात अयोध्या कांड के दस्तावेज का हिस्सा है। गोडबोले ने अपनी पुस्तक ‘एन अनफिनिस्ड इनिंग्स’ में भी इसका उल्लेख किया है। (एजेंसी)

First Published: Friday, July 6, 2012, 20:15

comments powered by Disqus