Last Updated: Saturday, December 24, 2011, 13:31
नई दिल्ली : वर्ष 2002 में आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर अपनी दौड़ शुरू करने वाली दिल्ली मेट्रो नौ साल की हो गई। मेट्रो ने इन नौ सालों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अपने नेटवर्क का काफी विस्तार किया तथा लोगों को सुविधाजनक परिवहन का विकल्प प्रदान किया। अब मेट्रो के पास करीब 200 किलोमीटर तक नेटवर्क है जिसमें उच्च गतिवाला एक्सप्रेस मार्ग भी है।
वर्ष 2002 में अपनी शुरुआत के बाद दिल्ली मेट्रो ने कई मार्ग अपने नेटवर्क में जोड़े और नोएडा, गुड़गांव एवं गाजियाबाद को राष्ट्रीय राजधानी के करीब ला दिया। पहली मेट्रो सेवा शाहदरा और तीस हजारी के बीच 24 दिसंबर, 2002 को शुरू हुई थी। मेट्रो की यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती गई और अब मेट्रो मार्गों पर प्रतिदिन करीब 20 लाख यात्री यात्रा करते हैं।
यह साल दिल्ली मेट्रो के लिए संक्रमण जैसा रहा है क्योंकि वह तीसरे चरण पर धीरे धीरे आगे बढ़ा। उसके बाद और 117 किलोमीटर मेट्रो से जुड़ जाएगा। उसने इस साल 34.52 किलोमीटर और मेट्रो लाइन अपने नेटवर्क में जोड़कर उसका विस्तार 190 किलोमीटर तक कर लिया। फरवरी में एयरपोर्ट एक्सप्रेस लिंक शुरू होने के साथ ही अब दिल्ली शंघाई, टोक्यो, लंदन आदि संभ्रांत शहरों की सूची में आ गई है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, December 24, 2011, 19:01