नौसैनिकों पर से केस हटाने को अर्जी - Zee News हिंदी

नौसैनिकों पर से केस हटाने को अर्जी

नई दिल्ली\कोच्चि : इटली ने दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोप में अपने नौसेनाकर्मियों पर दर्ज प्राथमिकी खारिज कराने के लिए बुधवार को केरल उच्च न्यायालय में याचिका दायर की और भारत आए इसके उप विदेश मंत्री ने कहा कि सच का पता लगाया जाना चाहिए।

 

हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया कि मुद्दे से देश के कानून के हिसाब से निपटा जाएगा और कहा कि अत्यंत निष्पक्ष एवं स्वतंत्र न्यायपालिका सही फैसला करेगी। बुधवार सुबह यहां पहुंचे इटली के उप विदेश मंत्री स्टीफन डे मिस्तूरा ने अपनी भारतीय समकक्ष परणीत कौर के साथ मुलाकात में घटना पर भारत को अपने देश की चिंताओं से अवगत कराया। एक घंटे तक चली मुलाकात के बाद दोनों अपने अपने देशों के रुख के अनुरूप खड़े नजर आए।

 

मिस्तूरा ने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध हम सबके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। कौर ने संवाददाताओं से कहा, जहां तक कानून की बात है, उनकी अपनी व्याख्या है और हमारी अपनी व्याख्या है। आज, दोनों लोग (गिरफ्तार इतालवी नौसैन्य कर्मी) भारत की जमीन पर हैं और कल भारतीय अदालत फैसला करने जा रही है कि आगे क्या कदम उठाए जाएं।

 

एक ओर जहां उनके इतालवी समकक्ष ने कहा कि घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई है, वहीं दूसरी ओर कौर ने कहा, जहां तक भारत का सवाल है तो हम अपने कानून के हिसाब से काम करेंगे। कोच्चि में इतालवी अधिकारियों ने अपने दो नौसन्यकर्मियों के खिलाफ हत्या के आरोप में दर्ज प्राथमिकी रद्द कराने के लिए केरल उच्च न्यायालय में याचिका दायर की। उन पर सोमवार को एक स्थानीय अदालत ने आरोप लगाए थे।

भारत में जहाज रूकने की इटली करेगा जांच

इटली नौसेना के विरोध की उपेक्षा करने एवं केरल तट पर जहाज रोकने की जांच प्रशासन कर रहा है। केरल तट पर रुके इस जहाज से की गई गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरों की मौत हो गई थी और हत्या के आरोप में दो सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार भी किया गया। इटली मीडिया की रपट के अनुसार एक कर्नल इस बात की जांच कर रहा है कि कहीं एनरिका लेक्जी जहाज को केरल के कोच्चि बंदरगाह पर भेजा तो नहीं गया था। इसके लिए कर्नल सैन्य मुख्यालय एवं जहाज कम्पनी से प्रमाण इकट्ठा कर रहा है।

वेबसाइट 'कोरियरे डेला सेरा' के मुताबिक इतालवी नौसेना ने एनरिका लेक्जी को भारतीय जल सीमा में जाने से एवं उस पर मौजूद नाविकों को तट पर उतरने से मना किया था।

केरल तट पर 15 फरवरी को इटली के जहाज पर सवार सुरक्षाकर्मियों ने भारतीय मछुआरों अजेश बिंकी एवं गेलेस्टाइन को समुद्री डाकू समझकर गोली मार दी थी। केरल पुलिस ने हत्या के आरोप में इतालवी जहाज के दो सुरक्षाकर्मियों लातोरे मैसिमिलानो और सालवातोर को गिरफ्तार किया है।  (एजेंसी)

First Published: Wednesday, February 22, 2012, 18:03

comments powered by Disqus