Last Updated: Monday, May 7, 2012, 03:56
मोगा: पंजाब के मोगा शहर के नजदीक सोमवार तड़के हुई एक दुर्घटना में पांच महिलाओं व पांच बच्चों सहित कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। चण्डीगढ़ से 170 किलोमीटर दूर मोगा शहर के नजदीक जीप व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर से यह दुर्घटना हुई। मृतक मोगा जिले के दौलतपुरा गांव के रहने वाले थे और वे जागरांव शहर के नजदीक नानक्सर गुरुद्वारे में मत्था टेक कर लौट रहे थे।
लुधियाना-फिरोजपुर राजमार्ग पर तड़के करीब दो बजे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि 14 लोगों की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी जबकि अन्य चार ने मोगा के एक अस्पताल में दम तोड़ा।
दुर्घटना स्थल पर एक पुलिस अधिकारी ने बतायाव कि दुर्घटना में जीप में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है।
पुलिस ने बताया कि तेज गति से आ रहे ट्रक ने एक अन्य वाहन से आगे निकलने की कोशिश की। ट्रक के ऐसा करने की कोशिश में वह सामने से आ रही जीप से सीधे भिड़ गया। दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से भाग गया।
(एजेंसी)
First Published: Monday, May 7, 2012, 10:05