'पटेल नहीं होते तो टुकड़ों में होता भारत' - Zee News हिंदी

'पटेल नहीं होते तो टुकड़ों में होता भारत'

करमसाड (गुजरात) : लालकृष्ण आडवाणी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को उनके पैतृक घर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के इतिहास में भारत के लौह पुरुष को अभी तक उचित स्थान नहीं मिला है। अगर सरदार पटेल नहीं होते तो भारत कई टुकड़ों में बंट गया होता। उन्होंने ही 555 रियासतों को भारत में मिलाया। भारत के इतिहास में उन्हें उचित जगह मिलना चाहिए जो उन्हें नहीं मिला है।’

 

पत्नी कमला और बेटी प्रतिभा के साथ सोमवार देर शाम सरदार पटेल और वीर विट्ठल भाई पटेल स्मारक का दौरा करने के बाद आनंद जिले में जनसमूह को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा, ‘लोग करमसाड भी नहीं आते। आनंद आने का मेरा एकमात्र उद्देश्य सरदार पटेल के घर आना था।’ आडवाणी ने पहले भ्रष्टाचार विरोधी यात्रा को करमसाड से शुरू करने की योजना बनाई थी। उनकी योजना परवान नहीं चढ़ी और फिर यात्रा शुरू करने का स्थान बदलकर बिहार कर दिया गया।

 

आडवाणी की जनचेतना यात्रा अहमदाबाद पहुंची तो लोगों ने फूलों और भ्रष्टाचार के खिलाफ नारे लगाकर आडवाणी की इस यात्रा का स्वागत किया। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल को भी इस दौरान सार्वजनिक तौर पर देखा गया। रैली के दौरान पार्टी के अन्य नेताओं के साथ वह भी मंच पर उपस्थित थे। राजस्थान रवाना होने से पहले आडवाणी ने कहा कि गुजरात के लोगों द्वारा किए गए स्वागत से वह काफी खुश हैं।

 

दूसरी तरफ गुजरात प्रदेश कांग्रेस समिति अध्यक्ष अरण मोधवाडिया ने आरोप लगाया कि अपनी जनचेतना यात्रा के दौरान दमन में आडवाणी जी ने शराब के एक तस्कर के साथ मंच साझा किया था और एक अन्य तस्कर की पत्नी के स्वामित्व वाले होटल में ठहरे थे।

 

उधर, वडोदरा में आडवाणी की ‘जनचेतना यात्रा’ में प्रदर्शन कर रहे गुजरात के पूर्व मंत्री नलिन भट्ट एवं 17 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। वे कैग की रिपोर्ट में भ्रष्टाचार के आरोप लगाये जाने को लेकर मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी से इस्तीफा मांग रहे थे। भट्ट केशुभाई पटेल के मंत्रिमंडल में मंत्री थे। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, November 8, 2011, 14:20

comments powered by Disqus