पत्‍नी को सैलरी का हिस्‍सा देना होगा अनिवार्य!

पत्‍नी को सैलरी का हिस्‍सा देना होगा अनिवार्य!

पत्‍नी को सैलरी का हिस्‍सा देना होगा अनिवार्य! ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

नई दिल्‍ली : पत्‍नी को अपनी मासिक आमदनी (सैलरी) में हिस्‍सा देना जल्‍द अनिवार्य बनाया जाएगा। घरेलू कामकाज में लगी महिलाओं के लिए यह एक अच्छी खबर है। सूत्रों के अनुसार, बहुत जल्द उन्हें नौकरीपेशा महिलाओं की तरह घरेलू कामकाज के लिए हर माह पैसा मिलेगा।

केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्रालय इस संबंध में जल्द एक प्रस्ताव पेश करेगा। मंत्रालय की यह कोशिश अगर परवान चढ़ी तो बहुत जल्द पति को अपनी पत्नी को घरेलू कामकाज के लिए भी प्रतिमाह वेतन का भुगतान करना पड़ेगा।

मंत्रालय में इस प्रस्ताव का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। जल्द ही कैबिनेट में भी इसे पेश किया जाएगा। इस प्रस्ताव के कानून बनते ही हर पति को अपनी पत्नी को हर महीने एक तय तनख्वाह देना कानूनन अनिवार्य हो जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री कृष्णा तीरथ की ओर से मिली है।

उन्होंने कहा कि सरकार एक ऐसा कानून लाने की सोच रही है, जिसके तहत हर पुरुष को अपनी तनख्वाह से एक तय प्रतिशत राशि पत्नी को अदा करना होगा। इसके लिए सरकार एक मानक भी तय करेगी। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इस बाबत अपनी तैयारी शुरू कर दी है। उनके मुताबिक, प्रारूप बनाने के बाद अगले छह महीने के भीतर इस प्रस्ताव को कानून बनाने के लिए संसद में पेश करने की योजना भी है। कृष्णा तीरथ का कहना है कि यह कदम महिला सशक्तीकरण के मद्देनजर उठाया जा रहा है।

First Published: Tuesday, September 4, 2012, 14:19

comments powered by Disqus