पदोन्नति में आरक्षण बिल पर सपा का विरोध भाजपा के लिए राहत

पदोन्नति में आरक्षण बिल पर सपा का विरोध भाजपा के लिए राहत

नई दिल्ली : पदोन्नति में अनुसूचित जाति-जनजाति को आरक्षण देने से संबंधित विधेयक के खिलाफ समाजवादी पार्टी (सपा) के कड़े विरोध से लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ी राहत मिल सकती है जहां उसके कई सांसद कथित तौर पर विधेयक के खिलाफ हैं।

हालांकि सरकार ने कहा कि वह यह विधेयक लोकसभा में लाएगी लेकिन सपा ने स्पष्ट कर दिया कि वह इसका मुखर विरोध करेगी। केंद्रीय मंत्री वी नारायणसामी जब लोकसभा में यह विधेयक पेश कर रहे थे तब सपा सदस्य यशवीर सिंह ने उनके हाथसे आज यह विधेयक छीन लिया था।

सदन में उस समय नाटकीय स्थिति पैदा हो गयी जब संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हस्तक्षेप किया और सिंह से विधेयक की प्रति लेने का प्रयास किया। सिंह ने उसे अपने पार्टी सहयोगी नीरज शेखर को फेंक दिया।

पहचान गुप्त रखने की शर्त पर भाजपा नेताओं ने कहा कि सदन कल भी नहीं चल पाएगा क्योंकि कांग्रेस और सपा टकराएगी। इससे भाजपा अपना चेहरा बचा सकती है क्योंकि उसके कई सांसद इस विधेयक से असहज महसूस कर रहे हैं।

एक भाजपा नेता ने कहा, न केवल भाजपा में , बल्कि कांग्रेस में भी कई ऐसे सांसद हैं जो इसके खिलाफ हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, December 20, 2012, 00:20

comments powered by Disqus