पाक की हरकत कमजोर नीतियों का परिणाम :जोशी

पाक की हरकत कमजोर नीतियों का परिणाम :जोशी

नई दिल्ली : भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने नियंत्रण रेखा पर एक भारतीय सैनिक का सिर काट देने सहित पाकिस्तानी सेना की हाल की कारवाई को देश की अवमानना और सरकार की कमजोर नीतियों का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा की गई इस हरकत का उचित जवाब दिया जाना चाहिये। हालांकि, उन्होंने कहा कि उचित जवाब क्या होगा इस बारे में कोई भी निर्णय सरकार अथवा सेना पर छोड़ दिया जाना चाहिये।

जोशी ने यहां संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा ‘हमारे सैनिकों के साथ जो कुछ हुआ उससे देश की अवमानना होती है, यह सरकार की कमजोर नीतियों का परिणाम है। पूरा देश पाकिस्तान की इस हरकत से नाराज है। सरकार ने क्यों कदम नहीं उठाया।’

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता ए.बी. बर्धन ने भी नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना की हाल की कारवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के जवानों के साथ जो कुछ किया गया वह अंतरराष्ट्रीय संधि के तहत ‘युद्ध अपराध’ की श्रेणी में आता है। सभी को इसका विरोध करना चाहिये।

जोशी ने कहा कि सरकार को जनता को भरोसा देना चाहिये कि देश उसके हाथों में सुरक्षित है और वह देश के मान सम्मान की रक्षा करने के लिये हर जरूरी कदम उठायेगी।

पाकिस्तानी सेना ने गत सप्ताह जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सीमा में घुसकर दो भारतीय सैनिकों की हत्या करके उसमें से एक का सिर काटकर अपने साथ ले गये। इस घटना के बाद सीमा पर तनाव बना हुआ है और देश में पाकिस्तान की इस कारवाई से रोष बढ़ा है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 15, 2013, 22:22

comments powered by Disqus