पाक जेल से रिहा 48 मछुआरे वापस आए

पाक जेल से रिहा 48 मछुआरे वापस आए

अटारी: पाकिस्तान ने सद्भावना के तौर पर जिन 48 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था, वे मंगलवार को बाघा सीमा के जरिए अपने देश आ गए।

इन भारतीय मछुआरों को करीब एक साल पहले गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तानी तटरक्षक बल ने 48 मछुआरों को अरब सागर में उस समय गिरफ्तार कर लिया था जब वे मछली मारने के क्रम में पाकिस्तानी जल सीमा में चले गए थे। उन्हें कल कराची की एक जेल से रिहा किया गया था।

अटारी सीमा पर तैनात अधिकारियों ने बताया कि रिहा किए गए भारतीय नागरिक इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग द्वारा जारी आकस्मिक यात्रा दस्तावेजों के आधार पर भारत पहुंचे।

पाकिस्तान ने तीन दिन पहले विदेश मंत्री एस एम कृष्णा की पाकिस्तान यात्रा के दौरान सद्भावना के तौर पर भारतीय मछुआरों को रिहा करने की घोषणा की थी।

भारतीय मछुआरे अपने भविष्य को लेकर परेशान थे क्योंकि उनकी नौकाएं भी जब्त कर ली गयी थीं। नौकाएं काफी महंगी हैं और उनकी कीमत तीन से सात लाख रुपए के बीच है।

रिहा हुए एक भारतीय मछुआरे ने कहा कि पाकिस्तानी तटरक्षक बल ने नौकाओं को जब्त किया था और उन्होंने नौकाएं लौटाने से इंकार कर दिया। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, September 11, 2012, 20:47

comments powered by Disqus