Last Updated: Wednesday, August 21, 2013, 19:25
नई दिल्ली/इस्लामाबाद : पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए लद्दाख में नियंत्रण रेखा से लगे भारतीय चौकियों पर ‘बिना उकसावे के’ मंगलवार रात गोलीबारी की जिसका भारतीय सैनिकों ने जवाब दिया।
सैन्य अधिकारियों ने आज यहां कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने स्कार्दू क्षेत्र के शकमा सेक्टर में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की जिसका भारतीय सैनिकों ने जवाब दिया। उधर, इस्लामाबाद में पाकिस्तानी सेना ने कहा कि गोलीबारी में उसके एक अधिकारी की मौत हो गई और एक सैनिक घायल हो गया।
पाकिस्तानी सेना के एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय सेना की बिना किसी उकसावे की गोलीबारी में पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी कैप्टन सरफराज की मौत हो गई। गोलाबारी में एक सैनिक बुरी तरह घायल हो गया। भारतीय सैन्य अधिकारियों ने कहा कि उन्हें पाकिस्तानी पक्ष में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है।
पाकिस्तानी सैन्य अधिकारी ने दावा किया कि भारतीय सैनिकों ने कल रात 11 बजकर 15 मिनट पर गोलीबारी शुरू कर दी और पाकिस्तान ने ‘प्रभावी’ रूप से इसका जवाब दिया। दोनों ओर से रात सवा दो बजे तक गोलीबारी जारी रही। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, August 21, 2013, 19:25