पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन - Zee News हिंदी

पाक ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन




जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले से लगी नियंत्रण रेखा पर स्थित भारतीय अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘पाकिस्तान की ओर से नियंत्रण रेखा पर पुंछ के सब सेक्टर कृष्णा घाटी स्थित भारतीय चौकी क्रांति-1 और क्रांति-2 पर बीती रात लगभग साढ़े दस बजे मशीनगन से गोलीबारी की। इसके बाद सेना ने सीमा के पास कुछ संदिग्ध तत्वों की गतिविधियों का पता लगाया।’

 

उन्होंने बताया कि ऐसा लगता है कि आतंकियों की ओर से घुसपैठ की कोशिश की गई। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने हमारे केजी अग्रिम बेल्ट के सामने स्थित दकू और येलो बम्प चौकियों से गोलीबारी की। लगभग 30 दिनों के अंदर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से किया गया संघर्ष विराम का यह दूसरा उल्लंघन है।

 

गौरतलब है कि 20 सितंबर को जम्मू में बीएसएफ की चौकी के पास गोलीबारी शुरू हो गई थी, जिसके बाद सांबा क्षेत्र में पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। इस गोलीबारी में बीएसएफ का उपनिरीक्षक शहीद हो गया था और एक नागरिक घायल हो गया था।

(एजेंसी)

First Published: Sunday, October 23, 2011, 14:06

comments powered by Disqus