Last Updated: Wednesday, June 19, 2013, 22:04
पुंछ : पाकिस्तानी सैनिकों ने इस महीने संघर्ष विराम का तीसरी बार उल्लंघन करते हुए बुधवार को बिना उकसावे के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के इस ओर गोलाबारी की जिसमें एक नागरिक घायल हो गया।
पाकिस्तानी सैनिकों ने यह गोलाबारी तब की जब भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ की एक कोशिश नाकाम कर दी। रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी एसएन आचार्य ने बताया कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से चार हथियारबंद लोगों के एक समूह को सुबह करीब 9:50 बजे पुंछ जिला स्थित कृष्णा घाटी में भारतीय चौकी की ओर बढ़ते देखा गया।
उन्होंने बताया कि सतर्क भारतीय सैनिकों ने मोर्चा संभाल लिया और घुसपैठियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद ये लोग पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की ओर भाग गए। घुसपैठ की कोशिश नाकाम किए जाने के बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने संघषर्विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर के मंडी, कृष्णाघाटी और चकन दा बाग स्थित भारतीय चौकियों पर भारी गोलाबारी की। आचार्य ने बताया कि इस गोलाबारी में पुंछ सेक्टर में एक नागरिक घायल हो गया। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 19, 2013, 22:04