पाक सेना ने 2 भारतीय जवान के सिर काटे: सूत्र, Pakistanis mutilate one Indian soldier, kill another

पाक सेना की दरिंदगी, 2 जवानों के सिर काटे: सूत्र

पाक सेना की दरिंदगी, 2 जवानों के सिर काटे: सूत्रजम्मू : एक हमले में पाकिस्तानी सैनिकों ने आज सीमा पारकर भारतीय सीमा में प्रवेश किया और गश्त लगा रहे सेना के एक गश्ती दल पर हमला कर कथित रूप से दो सैनिकों की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी। पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटकर हुए इस हमले में पाकिस्तानी सैनिक करीब 100 मीटर तक भारतीय सीमा में घुस आए और गश्ती दल पर हमला कर दिया। उन्होंने दो लांस नायकों हेमराज और सुधाकर सिंह की हत्या करने के अलावा दो अन्य सैनिकों को घायल कर दिया।

सूत्रों ने बताया कि इस क्रूर हमले के दौरान पाकिस्तानी सैनिकों ने कथित रूप से दो सैनिकों के सिर काट दिये और उनमें से एक का सिर अपने साथ लेकर चले गये। इस बीच सेना ने भारतीय सैनिकों के मौत की पुष्टि की है लेकिन इस रिपोर्ट पर टिप्पणी नहीं की कि उनके सिर काट दिये गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना की बॉर्डर एक्शन टीम के सैनिकों ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी इलाके में भारतीय सीमा में प्रवेश किया और हमला किया। सेना के उधमपुर स्थित उत्तरी कमान ने एक बयान जारी कर इस हमले को लगातार किए जा रहे संघर्ष विराम के उल्लंघनों और पाकिस्तानी सेना द्वारा समर्थित घुसपैठ के प्रयासों में ‘महत्वपूर्ण इजाफा’ करार दिया।

सेना ने कहा, आठ जनवरी को उनके नियमित सैनिकों के एक समूह ने मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा को पारकर घुसपैठ की। पाकिस्तानी सैनिक जंगल इलाके में कोहरे और धुंध का फायदा उठाते हुए हमारे पोस्ट की ओर बढ़ रहे थे कि तभी एक सतर्क गश्ती दल ने उन्हें देख लिया और घुसपैठियों के साथ भिड़ गये।’’ उसने कहा, पाकिस्तानी और हमारे सैनिकों के बीच यह गोलीबारी करीब आंधे घंटे चली जिसके बाद घुसपैठिये नियंत्रण रेखा को पारकर वापस अपनी ओर चले गये। दो सैनिकों लांस नायक हेमराज और लांस नायक सुधाकर सिंह पाकिस्तानी सैनिकों से लड़ाई के दौरान शहीद हो गये। बयान में कहा गया है कि पाक सेना की ओर से यह एक और ‘गंभीर उकसावा’ है और आधिकारिक चैनल से इस मामले को सख्ती पूर्वक उठाया जा रहा है।

इस घटना के संबंध में विदेश मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय के साथ संपर्क में है। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सेना की ओर से संघर्ष विराम के उल्लंघन के मामलों में तेजी आई है जो खराब मौसम का फायदा उठाकर उग्रवादियों को भारतीय सीमा में भेजने की कोशिश कर रही है।

पिछले एक महीने में पाक सेना ने करीब 12 बार संघर्ष विराम के समझौतों का उल्लंघन किया है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की ज्यादातर घटनाएं राजौरी, उरी और केरन सेक्टर में हुई हैं ताकि घुसपैठ के प्रयास में मदद दी जा सके। यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब पाकिस्तान ने अपने एक सैन्य चौकी पर ‘बिना उकसावे के भारतीय हमले’ पर कड़ी आपत्ति जताई थी। भारतीय सेना ने इस दावे को खारिज कर दिया था।

पाक नियंत्रण रेखा की मर्यादा बनाए रखें: भारत

भारत ने पाकिस्तान से आज कठोर शब्दों में कहा कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा की मर्यादा को बनाए रखे। हाल में हुई गोलीबारी की घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में भारत ने ऐसा कहा जिसको लेकर दोनों देश आरोप-प्रत्यारोप में उलझे रहे।

नियंत्रण रेखा के पास अपनी सैन्य चौकी पर ‘‘बिना उकसावे के भारतीय हमले’’ के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में भारत के उप उच्चायुक्त को बुलाने के एक दिन बाद भारत ने संघर्ष विराम के उल्लंघन से इंकार किया। भारत ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने भारतीय सैनिकों पर ‘‘बिना उकसावे के गोलीबारी’’ शुरू की जिसके बाद भारतीय सैनिकों ने जवाबी गोलीबारी की।

विदेश मंत्रालय में आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, हम इंकार करते हैं कि भारतीय सैनिकों ने रामपुर सेक्टर में नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया या संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने कहा, तथ्य यह है कि छह जनवरी की सुबह सेक्टर में पाकिस्तानी फौज ने भारतीय सैनिकों पर बिना उकसावे के गोलीबारी शुरू की। पाकिस्तान की तरफ से मोर्टार गोलीबारी में चुरूंदा गांव में एक घर की छत क्षतिग्रस्त हो गई। भारतीय सेना ने जवाबी गोलीबारी की। उन्होंने कहा, हमने पाकिस्तान के अधिकारियों से कहा कि सुनिश्चित करें कि हर समय नियंत्रण रेखा की मर्यादा बनाए रखी जाए और सुनिश्चित किया जाए कि नियंत्रण रेखा के पास इस तरह से बिना उकसावे के गोलीबारी नहीं हो।

आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा, भारत जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा की मर्यादा को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है जो दोनों देशों के बीच विश्वास बहाली का सबसे महत्वपूर्ण उपाय है। वर्ष 2003 से मुख्य रूप से नियंत्रण रेखा के पास शुरू हुआ युद्धविराम दोनों देशों के बीच सबसे महत्वपूर्ण विश्वास बहाली का उपाय है। घटना के बारे में दोनों पक्षों के सैन्य संचालन महानिदेशकों ने एक-दूसरे से बात की है। पाकिस्तान ने दावा किया कि भारतीय फौज ने नियंत्रण रेखा का कथित रूप से उल्लंघन किया और सीमा की एक चौकी पर ‘‘छापेमारी’’ की और इसकी फौज ने ‘‘प्रभावी जवाब दिया और उन्हें सफलतापूर्वक पीछे धकेल’’ दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना में पाकिस्तान के एक सैनिक की मौत हो गई और दूसरा जख्मी हो गया। बहरहाल भारतीय सेना ने घटना से इंकार किया और कहा ऐसी कोई घटना नहीं हुई जिसमें हमारे सैनिकों ने पाकिस्तानी चौकी पर हमला किया। भारतीय सेना के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना की तरफ से यह आरोप उरी सेक्टर में भारतीय चौकियों पर हमले की बात को दबाने का प्रयास है। (एजेंसी)


First Published: Tuesday, January 8, 2013, 19:09

comments powered by Disqus