पाकिस्तान में चर्च पर हमला बर्बर कृत्य : पीएम

पाकिस्तान में चर्च पर हमला बर्बर कृत्य : पीएम

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के पेशावर में एक गिरजाघर पर आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। इस हमले में 78 लोगों की मौत हो गयी जबकि 130 अन्य घायल हो गए।

सिंह ने यहां जारी एक संदेश में कहा, ‘पेशावर में गिरजाघर पर भयावह आत्मघाती हमला दुष्ट आतंकवादी ताकतों का एक और घिनौना प्रदर्शन है। यह हमला उपासना स्थल पर हुआ और इसमें दर्जनों लोगों की जान गयी, यह बात इस बेहूदा हिंसक कृत्य को और भयावह बनाता है।’

पेशावर में कोहाटी गेट इलाके के ऐतिहासिक ऑल सैंट चर्च पर रविवार को दो तालिबानी आत्मघाती बम हमलावरों ने हमला किया जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत 78 लोगों की जान चली गयी। उस समय लोग रविवार की प्रार्थना कर गिरजाघर से निकल रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ऐसे बर्बर कृत्य हर धर्म के मूल सिद्धांत के विपरीत हैं। भारत पेशावर में आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है। हम इस हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’ (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 22, 2013, 22:40

comments powered by Disqus