'पीएम का अर्थशास्त्र बन गया अनर्थशास्त्र' - Zee News हिंदी

'पीएम का अर्थशास्त्र बन गया अनर्थशास्त्र'






पटना : भाजपा ने आज आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह का अर्थशास्त्र देश के लिए आज अनर्थशास्त्र बन गया है।

 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह का अर्थशास्त्र देश के लिए अनर्थशास्त्र बन गया है। आज पूरे देश को यह अपेक्षा है कि प्रधानमंत्री सिर्फ देश में खराब आर्थिक स्थिति के बारे में नहीं बताये बल्कि उसको बेहतर बनाने के लिए उपाय भी सुझायें। पूरा देश मनमोहन सिंह जी से यह सवाल पूछ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह का बयान आया है कि देश की अर्थिक स्थिति नाजुक दौर में है। हुसैन ने कहा कि सिंह जब देश के वित्तमंत्री बने थे तब उस वक्त भारत की आर्थिक स्थिति नाजुक दौर में थी और उन्हें देश इस बात का श्रय देता रहा है वह आर्थिक स्थिति को सुधार के रास्ते पर ले आये।

 

उन्होंने कहा कि सिंह का सबसे बडा गुण यह माना जाता है कि वे देश के नामवर अर्थशास्त्री हैं और इसी वजह से आज वह देश के प्रधानमंत्री हैं।

 

हुसैन ने देश में सिंह की छवि पर जन-नेता की नहीं बल्कि अर्थ-नेता के रूप में होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे में देश उनसे यह अपेक्षा करता है कि वह सिर्फ समस्या नहीं बताएं बल्कि उपाय भी सुझायें।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री बनने के बाद सिंह पिछले कई सालों से समस्या बता रहे हैं, उपाय नहीं बता रहे हैं।

 

हुसैन ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री से अपेक्षा करती है कि अगर देश की अर्थ-नीति नाजुक दौर में है तो देश को उनके अर्थशास्त्र के ज्ञाप की सबसे ज्यादा जरूरत है। लेकिन आज जो अर्थशास्त्र उनका है देश के लिए अनर्थशास्त्र बन गया है। उन्होंने कहा कि देश में मंहगाई बढ रही है जिसे रोकने के लिए कोई उपाय नहीं किए। उन्होंने कहा कि देश के कृषि मंत्री ने पत्र लिखकर कहा है कि सरकार की नीति किसान विरोधी है।  (एजेंसी)

 

First Published: Sunday, April 15, 2012, 18:04

comments powered by Disqus