Last Updated: Monday, December 10, 2012, 09:08

वड़ोदरा : केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि ऐसे में जब कांग्रेस प्रधानमंत्री पद के लिए राहुल गांधी की क्षमता को लेकर स्पष्ट है, भाजपा अभी तक अपने उम्मीदवार को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं कर पाई है।
शिंदे ने रविवार को कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री पद के लिए पार्टी महासचिव राहुल गांधी की क्षमता को लेकर स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि हालांकि, भाजपा 2014 के आम चुनाव को लेकर अपने प्रधानमंत्री उम्मीदवार को लेकर कोई फैसला नहीं कर पाई है।
भाजपा इस पद के लिए लाल कृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, अरूण जेटली, राजनाथ सिंह और नरेन्द्र मोदी से बात कर रही है। शिंदे ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब वह 2003 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे तब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। मोदी इसी पर बने हुए हैं जबकि वह आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बने और बाद में केंद्रीय मंत्री बन गए।
उन्होंने कहा कि इससे जाहिर होता है कि मोदी किसी और पद पर नहीं गए और राजनीति में कोई प्रगति नहीं की। शिंदे ने आरोप लगाया कि गुजरात सरकार किसानों को बिजली की आपूर्ति नहीं कर रही है बल्कि इसे बेच रही है जबकि यह गुजरात को केंद्रीय बिजली सेक्टर परियोजनाओं से दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी अपनी छवि बनाने के लिए प्रचार पर भारी धन राशि खर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने राज्य में विकास होने के झूठे वादे कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की है लेकिन गुजरात के लोगों को यह आभास हो गया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, December 10, 2012, 09:08