पीएम मनमोहन की जापान यात्रा स्थगित

पीएम मनमोहन की जापान यात्रा स्थगित

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कल से शुरू होने वाली अपनी जापान यात्रा स्थगित कर दी है। जापान में हालिया राजनीतिक घटनाक्रम के बाद यह फैसला किया गया। सिंह को गुरुवार से 20 नवंबर तक की दो देशों की यात्रा के पहले चरण में तीन दिन के लिए जापान जाना था।

प्रधानमंत्री की आशियान-भारत और पूर्व एशिया शिखर वार्ताओं के लिए 18 नवंबर से होने वाली कंबोडिया यात्रा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (गौतम बमबावले) ने एक संवाददाता सम्मेलन में यहां बताया, ‘जापान में तेजी से अंदरुनी घटनाक्रम हुए हैं। इन सबको देखते हुए भारत सरकार ने फैसला किया है कि हमें नई तारीखें निश्चित करनी चाहिए। इसलिए प्रधानमंत्री 15 से 18 नवंबर के बीच (विदेश यात्रा पर) नहीं जा रहे हैं।

बमबावले और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने कहा कि दोनों देश परस्पर सहूलियत के हिसाब से यात्रा की नई तारीखों पर काम कर रहे हैं। सूत्रों ने कहा कि जापान में ‘अचानक’ हुए घटनाक्रम के आलोक में यात्रा स्थगित करने का फैसला किया गया। जापान में प्रधानमंत्री योशिहिको नोदा ने संसद भंग करने और नए चुनावों की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि नए चुनाव की घोषणा 16 नवंबर को की जा सकती है और इस दिन सिंह तोक्यो में होते, इसलिए सरकार ने फिलहाल इस यात्रा को स्थगित करने का फैसला किया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, November 14, 2012, 21:23

comments powered by Disqus