Last Updated: Monday, August 26, 2013, 19:04
जम्मू : पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों और असैनिक क्षेत्रों में सोमवार को गोलाबारी करके एकबार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। जवाब में भारतीय पक्ष ने भी गोलीबारी की।
रक्षा प्रवक्ता सीओआई आर के पल्टा ने यहां कहा, ‘पाकिस्तानी सेना ने एकबार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। उन्होंने मोर्टार से गोले दागे और स्वचालित हथियारों से पुंछ जिले के गढ़ी उप-सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर रात तकरीबन सवा 12 बजे अंधाधुंध गोलीबारी की।’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने भी छोटे हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और असैनिक क्षेत्रों को निशाना बनाया। सीओआई पल्टा ने कहा कि सीमा क्षेत्र की रक्षा कर रहे भारतीय सैनिकों ने जोरदार जवाब दिया। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी हुई। यह सोमवार सुबह तकरीबन पांच बजे तक चलती रही।
इस गोलीबारी में किसी की जान जाने या किसी के घायल होने का समाचार नहीं है। खबरों में कहा गया है कि पाकिस्तानी सैनिक हमीरपुर उप क्षेत्र में कल शाम छह बजे से लेकर रात पौने आठ बजे तक मोर्टार से गोले दागते रहे और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी करते रहे। इसके अतिरिक्त वे डोडा बटालियन क्षेत्र और सावनियां उप-क्षेत्र में पूरी रात 13 अलग-अलग अग्रिम चौकियों और असैनिक क्षेत्रों में गोलीबारी करते रहे।
पाकिस्तानी सेना ने कल अलग-अलग क्षेत्रों में संघर्षविराम का उल्लंघन किया। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 26, 2013, 19:04