Last Updated: Saturday, January 21, 2012, 12:04
ज़ी न्यूज ब्यूरोदेहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चुनाव प्रचार करने पहुंची टीम अन्ना के मंच पर एक शख्स ने जूता फेंकने की कोशिश की। उस वक्त मंच पर टीम अन्ना के सदस्य किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल मौजूद थे। जूता फेंकने की कोशिश करने वाले शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
इससे पहले, टीम अन्ना ने पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में आज से अपना जागरूकता अभियान शुरू किया। टीम ने अभियान की शुरुआत उत्तराखंड के रुड़की से की। यहां स्थानीय लोगों ने टीम का जोरदार स्वागत किया। लोगों ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और कुमार विश्वास के समर्थन में नारे लगाए।
रुड़की के बाद टीम अन्ना अपने पहले आधिकारिक पड़ाव हरिद्वार पहुंची। यहां टीम के सदस्यों ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोकपाल पर केंद्र सरकार के लचर रवैये का उल्लेख किया। उत्तराखंड में 23 जनवरी तक प्रचार करने के बाद टीम अन्ना 27 और 28 जनवरी को पंजाब में प्रचार करेगी। टीम अन्ना का फरवरी का पूरा महीना उत्तर प्रदेश में गुजरेगा।
First Published: Sunday, January 22, 2012, 13:29