प्रधानमंत्री ने नवाज को दी बधाई, भारत आने का दिया न्यौता

प्रधानमंत्री ने नवाज को दी बधाई, भारत आने का दिया न्यौता

प्रधानमंत्री ने नवाज को दी बधाई, भारत आने का दिया न्यौतानई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नवाज शरीफ को चुनावों में उनकी जीत पर बधाई दी और उन्हें परस्पर सुविधाजनक तारीख पर भारत आने का न्यौता भी दिया। इस जीत से शरीफ तीसरी बार पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बनेंगे।

असामान्य रूप से त्वरित प्रतिक्रिया में, जबकि पाकिस्तान में मतगणना चल ही रही थी, सिंह ने भारत-पाकिस्तान संबंधों की नयी दिशा तय करने के लिए उनके साथ काम करने की भारत की इच्छा भी जतायी। शरीफ को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री सिंह ने कहा कि वह दोनों देशों के रिश्तों में नया अध्याय जोड़ने और नयी नियति के लिए उनके और उनकी सरकार के साथ काम करने की प्रतीक्षा में हैं। इसके साथ ही उन्होंने शरीफ को सुविधाजनक समय पर भारत की यात्रा का न्यौता भी दिया।

उन्होंने कहा कि भारत की जनता भी शांति, मित्रता और सहयोग से परिभाषित भारत और पाकिस्तान के रिश्तों को लेकर आपकी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट प्रतिबद्धता का स्वागत करती है। पत्र में शरीफ को ‘प्रिय मियां साहब’ से संबोधित करने वाले सिंह ने पीएमएल एन की ‘शानदार जीत’ पर उन्हें तहेदिल से बधाई दी।

लाहौर में कल मीडिया से बात करते हुए शरीफ ने कहा कि वर्ष 1999 में पूर्व सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ द्वारा तख्तापलट करने से पहले उन्होंने भारत के साथ शांति प्रक्रिया के लिए कड़ी मेहनत की थी। उन्होंने कहा, ‘हमने इसे जहां छोड़ा था, वहीं से आगे बढ़ेंगे। हम भारत के साथ बेहतर रिश्तों के लिए आगे बढ़ना चाहते हैं ताकि शांतिपूर्ण तरीके से कश्मीर सहित अन्य मुद्दे सुलझें।’ चुनाव प्रचार के दौरान भी शरीफ ने यथाशीघ्र भारत की यात्रा करने की इच्छा जतायी थी।

शनिवार को लाखों पाकिस्तानियों ने ऐतिहासिक आम चुनाव में मतदान करने के लिए तालिबानी धमकी और हिंसा केा धता बता दिया जिसके बाद पीएमएल-एन सत्ता में लौटी है। देश के 66 साल के इतिहास में पहली बार सत्ता एक असैन्य सरकार से दूसरी असैन्य सरकार के पास जाएगी। कल हिंसा में करीब 50 लोगों की जान चली गयी। सिंह ने कहा कि ‘ऐतिहासिक चुनाव’ पाकिस्तान में लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण जीत हैं। भारत की जनता ने पाकिस्तान की जनता को हिंसा का सामना करते हुए बड़ी संख्या में अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करते हुए देखा है।

उन्होंने कहा कि आपको स्थिर, शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य वाले पाकिस्तान का नेतृत्व करने के लिए मजबूत जनादेश मिला है। आप नई जिम्मेदारी संभालने वाले हैं और मैं जनता की आशाओं और अपेक्षाओं को पूरा करने में आपकी सफलता की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की जनता और राजनीतिक दल कई चुनौतियों के बावजूद चुनाव में भाग लेकर लोकतंत्र के ढांचे को मजबूत करने के लिए श्रेय के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि मेरी पत्नी और मैं आपको तथा बेगम साहिबा को शुभकामनाएं देते हैं।

विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने आशा जतायी कि भारत शरीफ के नेतृत्व वाले पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध जारी रखेगा। शरीफ 1990-1993 तथा 1997-1999 तक प्रधानमंत्री रहे लेकिन अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए। एक बार उन्हें भ्रष्टाचार के आरोपों में सत्ताच्युत होना पड़ा जबकि दूसरी बार मुशर्रफ द्वारा किए गए तख्तापलट के शिकार हुए। (एजेंसी)

First Published: Sunday, May 12, 2013, 20:18

comments powered by Disqus