प्रभावी लोकपाल लाने को प्रतिबद्ध: मनमोहन - Zee News हिंदी

प्रभावी लोकपाल लाने को प्रतिबद्ध: मनमोहन



अमृतसर : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि लोकपाल विधेयक संसद में अटका हुआ है, इसके बावजूद उनकी सरकार देश में एक प्रभावी लोकपाल के गठन के लिए प्रतिबद्ध है। सिख समुदाय के पवित्र शहर अमृतसर में कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित  रैली को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार देश में एक गम्भीर समस्या है और इससे निबटने के लिए उनकी सरकार प्रभावी कदम उठाना चाहती है।

 

जनसमुदाय को पंजाबी में सम्बोधित करते हुए मनमोहन सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी पारदर्शिता की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून लेकर आई जिससे शासन में नागरिकों की भागीदारी बढ़ी। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन में पंजाब अन्य राज्यों से पिछड़ गया है और 1.2 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा हुआ है। मनमोहन सिंह ने कहा कि अकाली दल-भाजपा सरकार केंद्र से भेजी गई राशि का उपयोग नहीं कर पाई है तथा कृषि एवं उद्योग की उपेक्षा हुई है।

 

प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से आह्वान किया कि वर्तमान सरकार को हटाकर प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस को वापस लाएं। उन्होंने रैली में कहा, ‘कुछ साल पहले तक पंजाब सोने की भूमि था। कई साल तक प्रदेश अग्रणी रहा और यहां खेती, औद्योगिक क्षेत्र एवं खाद्य उत्पादन में अद्भुत कार्य हुआ। संस्कृति में देश में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में इसका कोई सानी नहीं है। लेकिन अब यह पिछड़ गया है।’ उन्होंने कहा कि देश का नंबर एक राज्य होने के बाद पंजाब नीचे आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए राज्य की अकाली दल-भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

 

उन्होंने आरोप लगाया कि बादल सरकार राज्य को विकास परियोजनाओं के लिए दिये गये धन का उचित तरह से इस्तेमाल करने और गंभीरता से उसे लागू करने में विफल रही है। प्रधानमंत्री ने अपने करीब 35 मिनट के भाषण में पंजाबी भाषा का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2002 से 2007 के बीच कांग्रेस की सरकार के दौरान तेज गति से विकास हुआ था। वहीं अकाली दल नीत सरकार में कम विकास हुआ। इस दौरान बिजली की समस्या और बेरोजगारी बढ़ी है। (एजेंसी) 

First Published: Saturday, January 21, 2012, 21:39

comments powered by Disqus