प्रियंका गांधी के भूखंड की जांच हो: भाजपा

प्रियंका गांधी के भूखंड की जांच हो: भाजपा


नई दिल्ली : भाजपा ने इस बात की निष्पक्ष और उचित जांच कराने की मांग की कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा को शिमला के निकट भूमि उचित ढंग से मिली है। इस संबंध में भाजपा के उपाध्यक्ष शांता कुमार ने सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में सुझाया है कि प्रियंका वाड्रा के इस भूखंड के बारे में जांच होनी चाहिए कि इसके आवंटन में कहीं कोई अनिमितता तो नहीं बरती गई।

यह पूछे जाने पर कि क्या पार्टी हिमाचल प्रदेश के उक्त पूर्व मुख्यमंत्री की इस मांग का समर्थन करती है भाजपा प्रवक्ता निर्मला सीतारमण ने यहां कहा कि शांता कुमार पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेता हैं और उन्होंने काफी महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया है। उक्त भूमि का आवंटन राज्य में कांग्रेस शासन के दौरान हुआ। ऐसे में जरूरी है कि सरकार बातों को साफ करे। प्रियंका के पति राबर्ट वड्रा के बारे में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वड्रा के कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में तथ्यों को छिपाने के लिए जांच से कतरा रही है।

सीतारमण ने कहा कि हर आरोप की जांच होनी चाहिए। सरकार की थोड़ी बहुत भी अगर विश्वसनीयता बची है तो उसे बनाए रखने के लिए उसे वड्रा मामले की जांच के तुरंत आदेश देने चाहिए। वड्रा का बचाव नहीं कीजिए। मामले की जांच कराइए।

वाड्रा का बचाव करने वाले कांग्रेस से जुड़े केन्द्रीय मंत्रियों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस जांच से कतरा रही है। एक मंत्री ने फर्माया है कि वाड्रा के खिलाफ कोई जांच नहीं होनी चाहिए। इंडिया अगेनस्ट करप्शन के कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल और प्रशांत भूषण ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि वड्रा की कंपनियों ने जमीन का कारोबार करने वाली बड़ी कंपनी डीएलएफ से बाजार की कीमतों से सस्ते में संपत्तियां खरीदी हैं। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, October 9, 2012, 09:10

comments powered by Disqus