Last Updated: Friday, March 16, 2012, 16:04
नई दिल्ली : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में गत 58 दिन से जीवन के लिए संघर्ष कर रही दो वर्षीय बच्ची फलक के शव को उसका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने शुक्रवार को उसकी मां को सौंप दिया।
गंभीर चोट लगने के बाद फलक का एम्स के ट्रामा सेंटर में गत एक महीने से इलाज चल रहा था। फलक का गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
एम्स के ट्रामा सेंटर में फलक का इलाज न्यूरोसर्जरी के सहायक प्रोफेसर दीपक अग्रवाल की देखरेख में उस दिन से ही हो रहा था जिस दिन उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा, चूंकि उसका (फलक) मामला चिकित्सकीय वैधानिक था इसलिए पोस्टमार्टम कराया गया। दिल का दौरा हृदय आने के कारण हुआ। यह हृदय की धड़कन का विकार है जिसमें हृदय तेज गति से धड़कने लगता है।
उन्होंने कहा, यह अचानक हुआ। जब दिल का दौरा पड़ा वह अपने बिस्तर में सो रही थी। उसकी मां आ गई थी और शव को उसे सायं साढ़े चार बजे सौंप दिया गया। उसके बाद वे उसके अंतिम संस्कार करने के लिए रवाना हो गए।
चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची को गत 18 जनवरी को एम्स में भर्ती करा गया था। उसके सिर में गंभीर चोटें लगी थीं तथा हाथ टूटा हुआ था। इसके साथ ही उसके शरीर में काटे जाने के निशान थे तथा उसके गाल पर गर्म लोहे से दागा गया था। फलक ने रात नौ बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। अस्पताल में इलाज के दौरान देशभर से उसके लिए दुआएं की जा रही थीं। उसकी मौत से न केवल देश के लोगों को हिलाकर रख दिया बल्कि इससे विदेशों में रहने वाले लोगों को भी काफी दुख हुआ। एम्स के चिकित्सकों को देश के बाहर रहने वालों के करीब 50 ईमेल मिले जिसमें उन्होंने बच्ची को गोद लेने की पेशकश की।
इलाज के दौरान फलक को मस्तिष्क ज्वर हो गया और उसकी पांच सर्जरी की गई। उसे दो दिल के दौरे भी पड़े।
अग्रवाल ने कहा, लेकिन उसने यह सब झेल लिया था और वह ठीक हो रही थी। हमने कुछ बायोप्सी करने के लिए उसके कुछ उतक रखे हैं।
फलक को गत 18 जनवरी को एक किशोरी द्वारा अस्पताल में लाया गया था। इस किशोरी ने बच्ची की मां होने का झूठा दावा किया था। जांच में फलक की चौंकाने वाली कहानी सामने आयी। मानव तस्करों के चंगुल में फंसने के बाद उसके दो भाई .बहन और मां अलग हो गए थे। गत 15 फरवरी को फलक 22 वर्षीय अपनी मां से मिली। उसकी मां का विवाह राजस्थान के एक व्यक्ति से कर दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 16, 2012, 21:34