Last Updated: Tuesday, February 5, 2013, 20:11

आगरा : समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव और केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल के बारे में फेसबुक पर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में मंगलवार को एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी आगरा, एससी दुबे ने बताया कि राज्य सरकार में सिविल इंजीनियर संजय चौधरी पर दो नेताओं के बारे में अपमानजनक कार्टून अपलोड करने और आपत्तिजनक कमेंट पोस्ट करने के आरोप में आईटी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक खास समुदाय के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करके सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश करने के आरोप में चौधरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। एनजीओ भी चला रहे इंजीनियर ने खुद को बेकसूर बताते हुए दावा किया है कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक करने के बाद किसी ने यह पोस्ट किया।
पिछले साल नवंबर में शिवसेना के दिवंगत नेता बाल ठाकरे के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक कमेंट लिखने के आरोप में मुंबई की दो लड़कियों को गिरफ्तार किया गया था। लड़कियों की गिरफ्तारी के बाद देश भर में प्रबुद्ध वर्ग और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच आक्रोश देखा गया। उन लोगों ने प्रशासन पर आईटी एक्ट का दुरूपयोग करने का आरोप लगाया था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 5, 2013, 20:11