फ्लैग बैठक से पहले पाक सैनिकों की फिर से फायरिंग

फ्लैग बैठक से पहले पाक सैनिकों की फिर से फायरिंग

फ्लैग बैठक से पहले पाक सैनिकों की फिर से फायरिंगजम्मू : नियंत्रण रेखा पर चल रहे तनाव को कम करने के लिए सोमवार को होने वाली फ्लैग बैठक से पहले पाकिस्तानी सेना ने आज शाम संघर्ष विराम का फिर से उल्लंघन करते हुए जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की।

पाकिस्तान रविवार सुबह ही नियंत्रण रेखा पर स्थित पुंछ में ‘ब्रिगेडियर स्तर’ की फ्लैग बैठक करने और हालिया घुसपैठों, जवानों की नृशंस हत्याओं और पाक सैनिकों द्वारा लगातार हो रहे संघर्ष विराम उल्लंघनों आदि पर विमर्श करने पर तैयार हुआ। इन सभी कारणों से नियंत्रण रेखा पर तनाव काफी बढ़ गया है। सेना के अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले के कृष्णाघाटी उप सेक्टर में पूरी रात हुई गोलीबारी के बाद आज अपराह्न करीब साढ़े चार बजे नांगीटिकरी में पाकिस्तानी सैनिकों ने फिर से गोलीबारी की है।

नियंत्रण रेखा पर 48 घंटों तक गोलीबारी बंद रहने के बाद कल रात गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा कि नांगीटिकरी पर दूसरी ओर से पाकिस्तानी चौकियों ने भारतीय चौकियों पर हमले किए और भारतीय सैनिकों ने उनका प्रतिकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी थोड़ी देर तक चली। भारतीय पक्ष से किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

अधिकारियों ने कहा कि पांच भारतीय चौकी क्रांति, कृपाण, गोरधा, छज्जामन और डोगरा और पाकिस्तान के दाकू, छोहा, रोजा और बटाल पोस्ट पर गोलीबारी हुई। पाकिस्तानी पक्ष ने थोड़े थोड़े अंतराल पर मोर्टार दागे। 8 जनवरी को दो भारतीय सैनिकों की हत्या करने के बाद यह पाकिस्तान की ओर से चौथा संघर्ष विराम उल्लंघन है।

कल पूरी रात हुई गोलीबारी के संबंध में सैन्य प्रवक्ता कर्नल आर.के. पालटा ने कहा कि कल रात लगभग 9.45 बजे पुंछ सेक्टर के कृष्णाघाटी उप सेक्टर के सामने सीमा पर छह से सात लोगों की गतिविधि देखी गयी। प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान के साथ लगती सीमा पर तैनात सैनिकों ने उनपर गोलीबारी की, जिसके बाद दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि लगभग आधे घंटे की भारी गोलीबारी के बाद ‘संदिग्ध लोग’ वहां से गायब हो गए। पालटा ने बताया कि उसके बाद गोलीबारी में कमी आयी लेकिन यह आज तड़के तक जारी रही।

सूत्रों ने इस बात की आशंका होने की जानकारी दी कि या तो आतंकियों का कोई समूह या पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (बीएटी) सीमा पर हुई इस गतिविधि में शामिल थे। पुंछ में कल रात की इस घटना से तनाव फिर बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे से यहां गोलीबारी नहीं हुई थी। सेना प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी गोलीबारी की। साथ में उन्होंने यह भी बताया कि पाकिस्तान की गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ। (एजेंसी)

First Published: Sunday, January 13, 2013, 22:05

comments powered by Disqus