Last Updated: Saturday, October 27, 2012, 20:54
नई दिल्ली : कुर्बानी का त्योहार ईद-उल-जुहा (बकरीद) शनिवार को देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुस्लिम धर्म में आस्था रखने वाले लाखों लोगों ने प्रमुख मस्जिदों में नमाज अता की और एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
राजधानी दिल्ली में ईद-उल-जुहा के अवसर पर विभिन्न मस्जिदों में सुबह की नमाज के लिए भारी भीड़ जुटी। नमाज के बाद बकरे एवं अन्य पशुओं की कुर्बानी दी गई और परम्परा के मुताबिक गरीबों को मांस दान किया गया। फतेहपुर मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मोहम्मद मुकर्रम ने कहा, `इस पवित्र दिन पर हम नमाज अता करते हैं, परोपकार से जुड़ा काम करते हैं। लोगों ने देश में अमन के लिए दुआ की, एक दूसरे को बधाई दी और मिठाइयों और उपहारों का आदान-प्रदान किया।`
ईद उल जुहा त्योहार पैगम्बर इब्राहिम के सम्मान में मनाया जाता है, जो अल्लाह को प्रसन्न करने के लिए अपने बेटे इस्माइल की कुर्बानी देने को तैयार हो गए थे। मान्यता के अनुसार, अल्लाह ने इब्राहिम की परीक्षा लेनी चाही थी। इब्राहिम जब बेटे का गला काटने को थे, तभी अल्लाह ने इस्माइल की जगह एक भेड़ को खड़ा कर दिया, तभी से पशु की कुर्बानी देने की परंपरा चल पड़ी।
मुम्बई में भी त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुम्बई और ठाणे की विभिन्न मस्जिदों में लोगों ने सुबह में नमाज अता की। इस मौके पर चार लाख से ज्यादा भेड़ और बकरों की कुर्बानी दी गई। पूर्वी मुम्बई स्थित एशिया के सबसे बड़े देओनार बूचड़खाने में 1.5 लाख भेड़ और बकरे की कुर्बानी दी गई। इसके अलावा दो लाख से ज्यादा कुर्बानी रिहायशी इलाकों में दी गई जहां पशुवध पर रोक नहीं है।
महाराष्ट्र पुलिस कोलाबा, नागपाड़ा, मुम्बई सेंट्रल, बांद्रा, सांताक्रुज, जोगेश्वरी, मलाड, बोरीवली, भांडुप और घाटकोपर और ठाणे के मीरा रोड, वसाई और विरार, नासिक शहर, मालेगांव, औरंगाबाद और पुणे जैसे अन्य मुस्लिम बहुल इलाके में कड़ी चौकसी में जुटी रही।
उधर, लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में यह त्योहार उल्लास और परम्परागत तरीके से मनाया गया। पुराने लखनऊ स्थित ऐशबाग ईदगाह और आसिफी मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंचे। अलीगंज निवासी मोहम्मद आजम मोहम्मद अयूब ने बताया कि उन्होंने अल्लाह से परिवार और समाज की बेहतरी की दुआ मांगी।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बकरीद पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार सभी को मिल-जुल कर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल बी.एल.जोशी ने प्रदेश के लोगों से आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बिहार में बकरीद के मौके पर राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में सामूहिक नमाज अता की गई। इसी तरह मोतिहारी के खुदानगर स्थित मुख्य ईदगाह और भागलपुर में सीपीएस मैदान में सामूहिक नमाज अता की गई। नमाज में बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने लोगों को बधाई दी।
पटना के 17 स्थानों पर विशेष रूप से सुरक्षा बलों को तैनात किया गया। प्रदेश के दानापुर, मुंगेर, गया, दरभंगा, बेगूसराय, गोपालगंज की ईदगाहों में भी बकरीद पर विशेष रौनक देखी गई। जम्मू एवं कश्मीर में भी हर्षोल्लास से त्योहार मनाया गया। श्रीनगर की ईदगाह और हजरतबल दरगाह में मुख्य नमाज अता की गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राज्य के निवासियों को त्योहार की बधाई दी। आंध्र प्रदेश के हैदराबाद और सिकंदराबाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोगों ने प्रमुख मस्जिदों में नमाज अता की और परंपरागत ढंग से त्योहार मनाया। (एजेंसी)
First Published: Saturday, October 27, 2012, 20:53