बच्ची से रेप के बाद दिल्ली में जबरदस्त प्रदर्शन, पुलिस आयुक्त के इस्तीफे की मांग

बच्ची से रेप के बाद दिल्ली में जबरदस्त प्रदर्शन, पुलिस आयुक्त के इस्तीफे की मांग

बच्ची से रेप के बाद दिल्ली में जबरदस्त प्रदर्शन, पुलिस आयुक्त के इस्तीफे की मांगनई दिल्ली : पांच साल की एक मासूम के साथ हुई क्रूरतापूर्ण दुष्कर्म की घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी में एक बार फिर प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया है। शनिवार को पुलिस मुख्यालय, एम्स, केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास समेत विभिन्न स्थानों पर आक्रोशित लोग जुटे और जोरदार प्रदर्शन किया।

आईटीओ स्थित पुलिस मुख्यालय पर आम आदमी पार्टी (एएपी) के सदस्यों, भारत का छात्र फेडरेशन (एसएफआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त नीरज कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शकारियों में कई महिला संगठनों की कार्यकर्ताएं भी शामिल थीं। करीब 300 प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार दिल्ली में दुष्कर्म रोकने में विफल रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बच्ची के साथ क्रूरता के आरोपी मनोज कुमार को फांसी की सजा देने की मांग की। मनोज को शनिवार सुबह बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में स्थित उसकी ससुराल से गिरफ्तार किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस मुख्यालय परिसर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्यालय में जबरन घुसे एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मुख्यालय के बाहर और अंदर 200 से अधिक महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। किसी भी तरह की हिंसक गतिविधि को रोकने के लिए जल-तोप और आंसू गैस का बंदोबस्त किया गया है।

सरकार की भर्त्सना करते हुए एक प्रदर्शनकारी ने कहा, `यह कानून तो बनाती है, लेकिन उसे लागू करना सुनिश्चित नहीं करती..और हम देख रहे हैं कि दुष्कर्म की वारदात दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।` धुर वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) की कार्यकर्ता सुचेइता ने कड़े कानून और पुलिस के कामकाज में सुधार की मांग की।

प्रदर्शनकारी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के बाहर भी इकट्ठा हुए जहां पीड़ित बच्ची का इलाज चल रहा है। यहां प्रदर्शनकारियों को काबू में रखने में पुलिस को काफी पसीना बहाना पड़ा। एएपी के एक सदस्य ने कहा, `यदि सिर्फ केंद्रीय गृह मंत्री के आवास के आगे-पीछे सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था हो तो पुलिसकर्मी सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा कहां से कर सकेंगे।`

करीब 20 प्रदर्शनकारी 10 जनपथ स्थित सोनिया गांधी के आवास पर भी पहुंच गए, नारेबाजी की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से चले जाने के लिए मना लिया। पूर्वी दिल्ली के जिस गांधी नगर इलाके में दुष्कर्म की वारदात हुई है वहां भी प्रदर्शन हुए। शाम तक कई दुकानें बंद रहीं और इलाके के निवासियों ने गांधी नगर थाने के सामने जमा होकर पुलिस आयुक्त का पुतला फूंका। एएपी और कुछ एनजीओ के मोमबत्ती जुलूस को देखते हुए इंडिया गेट इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, April 20, 2013, 21:40

comments powered by Disqus