`बराड़ के हमलावरों को कठघरे में लाया जाएगा`

`बराड़ के हमलावरों को कठघरे में लाया जाएगा`

नई दिल्ली : ब्रिटेन ने भारत को आश्वासन दिया है कि अवकाशप्राप्त लेफ्टिनेंट जनरल के एस बराड़ पर हमला करने वालों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। उसने कहा कि वह मामले की जांच के बारे में भारतीय अधिकारियों को निरंतर जानकारी देता रहेगा। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा को लिखे पत्र में ब्रिटिश विदेश मंत्री विलियम हेग ने लंदन में 30 सितंबर को बराड़ पर हुए हमले पर दुख जताया है और उनके शीघ्र ठीक होने की उम्मीद व्यक्त की है। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि भारत द्वारा राजनयिक माध्यम से मामले को मजबूती से ब्रिटिश अधिकारियों के समक्ष उठाए जाने के बाद कृष्णा को हेग का पत्र मिला है।

सूत्रों ने कहा, ‘हेग ने विदेश मंत्री को ब्रिटेन के संकल्प के बारे में आश्वस्त किया कि इस हमले के षड्यंत्रकारियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा और उन्हें इस बारे में भी सूचित किया कि ब्रिटिश अधिकारी जांच की प्रगति के बारे में भारतीय अधिकारियों को लगातार अवगत कराते रहेंगे।’ अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर से खालिस्तानी आतंकवादियों को खदेड़ने के लिए 1984 में चलाए गए ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ का नेतृत्व करने वाले बराड़ पर बीते रविवार को चार अज्ञात हमलावरों ने लंदन में ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट के नजदीक ओल्ड क्यूबेक स्ट्रीट में चाकुओं से हमला किया था।

बराड़ पर हमले के मामले में ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि इसे खालिस्तान समर्थक तत्वों ने अंजाम दिया। हमले के वक्त बराड़ लंदन की निजी यात्रा पर थे और घटना के वक्त उनकी पत्नी भी उनके साथ थीं। वह हालांकि, हमले में घायल नहीं हुई थीं। बताया जाता है कि बराड़ पर हमला करने वाले चार लोग एशियाई प्रतीत हो रहे थे। इनके लंबी दाढ़ी थी। उन्होंने लंबी काली जैकेट पहन रखी थीं। बराड़ लंदन से लौट आए हैं और अब मुम्बई में हैं। स्काटलैंड यार्ड ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए 12 लोगों में से नौ को जमानत पर रिहा कर दिया है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 7, 2012, 18:28

comments powered by Disqus