Last Updated: Friday, April 5, 2013, 20:21
नई दिल्ली : भारत के साथ वार्ता जारी रखने की वकालत करते हुए पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि दोनों देशों के बीच कश्मीर, सियाचिन और वीजा जैसे बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन्हें सुलझाने की जरूरत है।
भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त सलमान बशीर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जहां तक पाकिस्तान की बात है, पाकिस्तान चाहता है कि भारत के साथ सभी मुद्दों को सौहार्द्रपूर्ण तरीके से सुलझा लिया जाए। इनमें कुछ राजनीतिक मुद्दे हैं, कश्मीर मुद्दा है और सियाचिन का मुद्दा है। ये बहुत महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन्हें बातचीत के जरिये सुलझाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वीजा जैसे जनता से जुड़े भी मुद्दे हैं जिनका समाधान होना चाहिए।
बशीर ने कहा कि यह तभी हो सकता है जब दोनों पक्ष चाहें और राजनीतिक इच्छाशक्ति हो। दोनों देशों का एजेंडा पूरा है और दोनों देशों को वार्ता प्रक्रिया को आगे ले जाना चाहिए। भारत ने जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर दो भारतीय जवानों को मारे जाने और श्रीनगर में आत्मघाती हमले की घटनाओं के बाद द्विपक्षीय रिश्तों में बढ़ती खटास के मद्देनजर पाकिस्तानी नागरिकों को प्रस्तावित समूह पर्यटक वीजा सुविधा पर पिछले महीने रोक लगा दी थी। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 5, 2013, 20:21