Last Updated: Sunday, August 12, 2012, 16:55
नई दिल्ली : भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुटता पर जोर देते हुए किरण बेदी आज रामलीला मैदान में बाबा रामदेव के मंच पर पहुंचीं। हालांकि अन्ना हजारे और उनके अन्य सहयोगियों ने काला धन तथा लोकपाल पर रामदेव के प्रदर्शन से दूरी बनाए रखी है।
बेदी ने रामलीला मैदान में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें भ्रष्टाचार के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा बनाना होगा और भ्रष्ट लोगों के खिलाफ गठजोड़ बनाना होगा। आज ही अन्ना के साथियों की एक बैठक में भाग लेने के बाद रामलीला मैदान पहुंचीं बेदी ने कहा, ‘बिना जागरुकता के, बिना समझ के या बिना सरकारी नीति की समीक्षा के हम हमेशा धोखा खाते रहेंगे।’ अन्ना के कुछ सहयोगी रामदेव के साथ साझेदारी से सहमत नहीं दिखाई देते जबकि दोनों ने एक दूसरे के आंदोलन में सहयोग देने की घोषणा की थी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 12, 2012, 16:55