Last Updated: Sunday, August 18, 2013, 23:47
चंडीगढ़ : पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने रविवार रात कहा कि एक वृद्ध सिख पर ब्रिटिश लड़की द्वारा हमला किए जाने की घटना ने समुदाय की भावनाओं को आहत किया है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से तत्काल इस मामले को ब्रिटिश सरकार के समक्ष उठाने को कहा है।
उन्होंने यहां एक वक्तव्य में कहा कि केंद्र सरकार को तत्काल ब्रिटिश उच्चायुक्त को तलब करना चाहिए ताकि उन्हें समूचे सिख समुदाय और राष्ट्र की भावना आहत होने के बारे में जानकारी दी जा सके।
यह बहुत खराब बात है कि हमले के दौरान सिख व्यक्ति की पगड़ी गिर गई। सुखबीर ने यहां कहा कि ब्रिटिश सरकार को इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई करने को अवश्य कहा जाना चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर से इस बात का पता लगाने को कहा कि क्या यह हमला नस्ली था, जैसा कि संदेह है।
19 वर्षीय लड़की को गत 10 अगस्त को 80 वर्षीय एक सिख व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल गया है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 18, 2013, 23:47