बोधगया विस्फोट में अहम सुराग मिले: शिन्दे-Bodh Gaya vital clues in blast: Shinde

बोधगया विस्फोट में अहम सुराग मिले: शिन्दे

बोधगया विस्फोट में अहम सुराग मिले: शिन्देअलवर : केन्द्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने कहा है कि बोधगया विस्फोट मामले में अहम सुराग हाथ लगे है।

शिन्दे जिले के बहादुरपुर ग्राम पंचायत में सीआरपीएफ की देश की तीसरी महिला बटालियन मुख्यालय की आधारशिला रखने के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बोधगया विस्फोट मामले में अहम सुराग मिले है। सुराग के बारे में बताने से जांच प्रभावित हो सकती है। इसलिए सुराग का खुलासा नहीं करेंगे।

उन्होंने आईबी और सीबीआई के बीच परस्पर विरोधाभासी टिप्पणियों के बारे में कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सच सामने आ जायेगा।

इससे पहले शिन्दे ने महिला बटालियन मुख्यालय की आधारशिला रखने के बाद समारोह को सम्बोधित करते हुये कहा कि महिला बटालियन मुख्यालय की स्थापना पर पहले दो साल में 450 करोड रुपये खर्च होगे।

शिंदे ने कहा कि महिला बटालियन की स्थापना से इस क्षेत्र की महिलाओं में जोश का संचार होगा और वे ज्यादा से ज्यादा सेना के लिये प्रेरित होंगी। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ में महिला बटालियन की स्थापना का श्रेय तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी को जाता है, जिन्होंने 1988 में नारी सशक्तिकरण का सपना देखा था।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान वीर प्रसूता भूमि मानी जाती है और यहां हर व्यक्ति में जोश का जज्बा भरा हुआ है। जब भी देश पर संकट आया इस प्रदेश के वीर सपूतों ने अग्रणी भूमिका निभाई है। केन्द्रीय युवा एवं खेल मंत्री भंवर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि एनसीआर क्षेत्र में होने से अलवर में विकास की विपुल संभावनायें बनी है और यह जिला मुख्यमंत्री के सहयेाग से विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 17, 2013, 15:58

comments powered by Disqus