Last Updated: Sunday, April 29, 2012, 18:29
नई दिल्ली : ब्रिटेन के राजकुमार एंड्रू ‘ड्यूक ऑफ योर्क’ रक्षा एवं व्यापार समेत विविध क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग विस्तार के लिए सोमवार से एक सप्ताह की यात्रा पर यहां आएंगे। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के हीरक जयंती वर्ष में उनका प्रतिनिधित्व करने यहां आने वाले राजकुमार मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और पूर्वोत्तर राज्य नगालैंड भी जाएंगे।
ब्रिटिश उच्चायोग ने यहां जारी एक बयान में कहा, ‘इस यात्रा में विविध विषय शामिल होंगे जिनमें समग्र विकास और रक्षा सहयोग से लेकर बढ़ते व्यापारिक संबंध हैं।’ बयान में यह भी कहा गया है कि दोनों के बीच सहयोग यह भी दर्शाता है कि महारानी के 60 साल के शासन के दौरान कैसे ब्रिटिश भारत संबंध बदले हैं।
सरकार के शीर्ष नेतृत्व के साथ भेंट के बाद ड्यूक ऑफ योर्क अग्रगामी परियोजना का अवलोकन करेंगे जो दिल्ली के निचले तबके के परिवारों के सुधार पर समर्पित है। मुम्बई में वह व्यापारिक समुदाय के जाने माने सदस्यों से मिलने के अलावा पश्चिमी नौसेना कमान एवं धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल जायेंगे। कोलकाता में चाइल्ड केयर होम और वूमेन इंटरलिंक फाउंडेशन के व्यावसायिक शिक्षा केंद्र जाने के अलावा उनके कई कार्यक्रम होंगे। मद्रास में भी उनके कई कार्यक्रम होंगे।
बेंगलुरु में ड्यूक ऑफ योर्क कर्नाटक के राज्यपाल से मिलेंगे और इंफोसिस एंड हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड जाएंगे। ड्यूक नगालैंड की राजधानी कोहिमा भी जायेंगे और राष्ट्रमंडल युद्ध शहीद समाधिस्थल जाएंगे। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान कोहिमा की लड़ाई में कई ब्रिटिश एवं भारतीय सैनिक शहीद हुए थे। ऐसा पहली बार होगा कि ब्रिटिश राजपरिवार का कोई सदस्य इस ऐतिहासिक स्थल पर जाएगा।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, April 29, 2012, 22:23